मोदी ने लवलीना की सराहना की, मीराबाई को लड्डू खिलाया

दिल्ली में पदक विजेताओं संग अनौपचारिक बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने लवलीना की देशभक्ति पर प्रशंसा की, मीराबाई के संघर्ष को सुनकर उन्हें लड्डू खिलाए और बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल के ‘नरेंद्र’ नाम से जुड़ा मजेदार किस्सा सुनकर ठहाके लगाए
मोदी ने लवलीना की सराहना की, मीराबाई को लड्डू खिलाया
Published on

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ रविवार को नयी दिल्ली में मुलाकात की। इस मुलकात का वीडियो सोमवार को यूट्यूब पर लाइव किया गया। इस बातचीत में मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 सालों में अगर मैं इस आवास पर नियमित रूप से किसी से मिला हूं, तो वे खिलाड़ी हैं। 10-12 सालों में खिलाड़ियों की मेहनत, लगातार सफलता और नई ऊंचाइयों को छूने की परंपरा ने देश का मान बढ़ाया है।

पीएम ने ग्लास्गो के एक रेस्तरां में भारत के गलत मानचित्र पर आपत्ति जताने पर मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन की सराहना की। इस दौरान वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने पिछले चार वर्षों के अपने संघर्ष के बारे में भी मोदी को बताया। PM मोदी ने चानू से कहा, आपके इतने आंसू टपक रहे थे कि मुझे लगा, हर बूंद से जैसे गोल्ड मेडल टपक रहा हो। बातचीत के दौरान उन्होंने मीराबाई को लड्डू भी खिलाया।

नरेंद्र ने सुनाया मजेदार किस्सा

नरेंद्र बेरवाल ने 2015 वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स का एक मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उनका पहला मुकाबला पाकिस्तान के बॉक्सर से था। भारतीय सेना की ओर से उन्हें फोन आया था। कहा गया था कि पाकिस्तान से मुकाबला नहीं हारना है। बेरवाल ने फाइट जीत ली। दोनों बॉक्सर इस दौरान चोटिल भी हुए। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे।

वहां पाकिस्तानी बॉक्सर ने बेरवाल से कहा- भाईजान, एक बात बोलूं, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। इसके बाद उसने मजाक में कहा कि उसे ‘नरेंद्र’ नाम से ही नफरत हो गई है। किस्सा सुनकर पीएम मोदी भी हंस पड़े।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in