Budapest
अभिमन्यु मिश्रा और रिचर्ड रैपर्ट

कार्लसन की राह पर चले मिश्रा और रैपर्ट, फास्ट क्लासिक बाजी से हटे

कार्लसन ने लगातार दूसरे दिन अपनी बाजी नहीं खेली
Published on: 

बुडापेस्ट :

दुनिया के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के नक्शेकदम पर चलते हुए आर वैशाली के प्रतिद्वंद्वी अभिमन्यु मिश्रा और रिचर्ड रैपर्ट ने टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट प्रतियोगिता में अपनी फास्ट क्लासिक बाजी छोड़ दी। कार्लसन ने लगातार दूसरे दिन अपनी बाजी नहीं खेली। कार्लसन ने मंगलवार को कजाखस्तान की ग्रैंडमास्टर बिबिसारा असाउबायेवा के खिलाफ दो दिवसीय मुकाबले के पहले चरण में अजेय बढ़त हासिल करने के बाद अपना फास्ट क्लासिक मुकाबला छोड़ दिया था।इसके एक दिन बाद कार्लसन ने फिर अजेय बढ़त हासिल करने के बाद मुकाबला नहीं खेला। मिश्रा और रैपर्ट ने भी ऐसा ही किया जिससे उनके प्रतिद्वंद्वी क्रमश: वैशाली और आर्मेनिया के ग्रैंडमास्टर हाइक मार्टिरोसियन खेल हॉल में इंतजार करते रह गए। मिश्रा ने 21वें से 24वें स्थान के लिए मुकाबला करते हुए पहले दिन की बाजी 13-7 से जीती। इसके बाद दूसरे दिन की फास्ट क्लासिक बाजी से पहले उन्होंने 11-1 की अजेय बढ़त बना रखी थी।सत्रह वर्षीय मिश्रा ने फास्ट क्लासिक बाजी नहीं खेलने का फैसला किया जिससे वैशाली को दांव पर लगे सभी 8 अंक मिल गए। हालांकि मिश्रा ने दूसरे दिन का मुकाबला 11-9 से जीता और इस तरह दोनों दिन की बाजियों के आधार पर मुकाबला भी अपने नाम कर लिया।अब वैशाली टूर्नामेंट में आखिरी स्थान पर रहने से बचने के लिए नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से भिड़ेंगी।

मिश्रा ने दी सफाई

मिश्रा ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी सफाई देते हुए लिखा, ‘मैं केवल अपना पक्ष रखना चाहता था। यह बेहद थका देने वाली और चुनौतीपूर्ण शीर्ष स्तर की प्रतियोगिता रही है जिसमें नॉकआउट प्रारूप के तहत हर दिन कई बाजियां खेलनी पड़ रही हैं। एक दिन में सात बाजियां भी खेली गईं। दिन का दूसरा रेपिड मुकाबला जीतने और मैच अपने नाम करने के बाद मैं थक गया था। अगली बाजी से काफी पहले मैंने मुख्य निर्णायक से पूछा था कि क्या मेरे लिए मुकाबले में उपस्थित नहीं होना स्वीकार्य होगा। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह मेरा फैसला है और मुकाबला नहीं खेलना स्वीकार्य है।’दूसरी ओर रैपर्ट ने फास्ट क्लासिक बाजी छोड़ने का फैसला करने से पहले ही मार्टिरोसियन के खिलाफ मुकाबला गंवा दिया था। हंगरी के खिलाड़ी ने पहले दिन की बाजी 9-11 से गंवाई और दूसरे दिन वह 2-10 से पीछे चल रहे थे।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News