नहीं हटेंगे मैच रेफरी, पाक की मांग खारिज

एशिया कप : आज यूएई-पाकिस्तान मैच में पाइक्रॉफ्ट ही रहेंगे रैफरी
Match referee Pycroft will not be removed
मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट
Published on

दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को पाकिस्तान की उस मांग को खारिज कर दिया जिसमें उसने एशिया कप के लिए अधिकारियों के पैनल से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हालांकि भारत के खिलाफ मैच के बाद ‘हाथ नहीं मिलाने’ के विवाद के लिए जिम्बाब्वे के रैफरी को जिम्मेदार ठहराते हुए टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी है।

पीसीबी ने आईसीसी को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि पाइक्रॉफ्ट ने रविवार को एशिया कप मैच में टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ नहीं मिलाने के लिए कहा था। हालांकि भारत की 7 विकेट से जीत के बाद सूर्यकुमार और उनकी टीम ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।

पाइक्रॉफ्ट आईसीसी एलीट पैनल के सबसे सीनियर मैच रैफरी में से एक हैं जिन्होंने 695 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों (पुरुष और महिला वर्ग के तीनों प्रारूप में) में अधिकारी की भूमिका निभाई है। बताया गया कि जिंबाब्वे के 69 वर्षीय पाइक्रॉफ्ट बुधवार को भी यूएई के खिलाफ पाकिस्तान के ग्रुप चरण के अंतिम मैच में रैफरी होंगे।

विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि यह स्थिति पीसीबी के क्रिकेट परिचालन निदेशक उस्मान वाल्हा की वजह से पैदा हुई जिन्होंने अपने कप्तान को टूर्नामेंट के दौरान लागू होने वाले नियमों के बारे में जानकारी नहीं दी। पीसीबी के नाराज प्रमुख मोहसिन नकवी ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और उसके कप्तान को हुई शर्मिंदगी के लिए सोमवार को वाल्हा को बर्खास्त करने का आदेश दिया। नकवी एसीसी के मौजूदा अध्यक्ष भी हैं।

पूरे टूर्नामेंट पाकिस्तानियों से हाथ नहीं मिलाएंगे भारतीय

बताया जा रहा है कि भारतीय खिलड़िी पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे। सूत्रों ने बताया कि टीम के सभी खिलाड़ी, बीसीसीआई और सरकार इस बात पर सहमत हैं। बीसीसीआई ने अब तक इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि बताया जा रहा है कि भारतीय टीम 28 सितंबर को होने वाले फाइनल में जगह बनाने के बााद जीतती है, तो वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी भी स्वीकार नहीं करेंगे। नकवी इस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष भी हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in