

डेनमार्क : भारत को फ्रांस के खिलाफ होने वाले थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले करारा झटका लगा है क्योंकि उसके स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन दाहिनी कोहनी में सूजन के कारण इसमें नहीं खेल पाएंगे और उनकी अनुपस्थिति में विश्व के 30वें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत कोर्ट पर उतरेंगे। लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल में दो मैच प्वाइंट बचाकर विश्व के छठे नंबर के खिलाड़ी चोउ टिएन चेन पर एक घंटे 28 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 18-21, 22-20, 21-17 से जीत दर्ज की, जिससे भारत ने चीनी ताइपे पर 3-0 से जीत हासिल की। इस मैच के दौरान हालांकि लक्ष्य की कोहनी में चोट लग गई थी और वह अभी तक इससे पूरी तरह से नहीं उबर पाए हैं।
भारतीय बैडमिंटन संघ के सचिव संजय मिश्रा ने बयान में कहा, ‘क्वार्टरफाइनल के एक कड़े मुकाबले में कई बार डाइव लगाने के बाद लक्ष्य की कोहनी में चोट लग गई। टीम के चिकित्साकर्मियों ने गहन जांच के बाद एहतियाती तौर पर यह फैसला किया। ताकि लक्ष्य चोट से उबर सके और अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो वह फाइनल के लिए पूरी तरह से फिट हो सकें।’ लक्ष्य के ‘मेंटोर’ (मार्गदर्शक) और पूर्व भारतीय कोच विमल कुमार ने कहा, ‘ उनके पैरों में छाले भी पड़ गए हैं।’ लक्ष्य की अनुपस्थिति में युवा आयुष शेट्टी विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी क्रिस्टो पोपोव के खिलाफ शुरुआती एकल मैच खेलेंगे। पोपोव ने 2024 में हाइलो ओपन में भारतीय खिलाड़ी को हराया था।
श्रीकांत दूसरे एकल मुकाबले में विश्व के 10वें नंबर के खिलाड़ी एलेक्स लैनियर का सामना करेंगे। तीसरे एकल खिलाड़ी के रूप में एचएस प्रणय का सामना विश्व के 17वें नंबर के खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव से होगा, जिनका भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ 1-0 का रिकॉर्ड है। यदि मुकाबला एकल से आगे बढ़ता है तो हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन पहले युगल मुकाबले में एलोई एडम और लियो रॉसी का सामना करेंगे। अंतिम मैच में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला पोपोव बंधुओं से होगा। मिश्रा ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह कोई झटका है। हमारे पास अच्छी टीम है, हर कोई आत्मविश्वास से भरा है और अगर हम यह मैच जीत जाते हैं, तो उम्मीद है कि लक्ष्य फाइनल के लिए उपलब्ध रहेगा।’
टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार मुकाबले आम तौर पर खिलाड़ियों की रैंकिंग के आधार पर होते हैं। प्रत्येक टीम के सर्वोच्च रैंकिंग वाले एकल और युगल खिलाड़ी आमने सामने होते हैं। यदि खिलाड़ियों को एकल और युगल दोनों में प्रतिस्पर्धा करनी है, तो उन्हें युगल में जोड़ी बनाने से पहले अपने एकल मैच पूरे करने होंगे। फ्रांस के मामले में इसका मतलब है कि पहले तीनों एकल मैच खेले जाएंगे और उसके बाद युगल मैच होंगे। भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने से पदक पक्का हो गया है। भारत ने 2022 में थॉमस कप जीता था। उसने 1952, 1955 और 1979 में कांस्य पदक जीते थे।