मैड्रिड ओपन : मोनफिल्स जीत दर्ज करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने

इटली के किशोर खिलाड़ी फेडरिको सिना ने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखा
मैड्रिड ओपन : मोनफिल्स जीत दर्ज करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने
Published on: 

मैड्रिड : इटली के किशोर खिलाड़ी फेडरिको सिना ने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में कोलमैन वोंग को सीधे सेटों में हराकर अपनी दूसरी एटीपी मास्टर्स 1000 जीत हासिल की, जबकि गेल मोनफिल्स इस प्रतियोगिता के इतिहास में जीत दर्ज करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। 38 वर्षीय मोनफिल्स ने खराब शुरुआत से उबरते हुए क्वालीफायर बोर्ना गोजो को 1-6, 6-2, 6-4 से हराकर 2022 के बाद मैड्रिड में अपनी पहली जीत दर्ज की। विश्व में 42वीं रैंकिंग के खिलाड़ी मोनफिल्स इस मास्टर्स 1000 क्ले-कोर्ट टूर्नामेंट में दो बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। मोनफिल्स का अगला मुकाबला सातवीं वरीयता प्राप्त गत चैंपियन आंद्रे रुबलेव से होगा।

रुबलेव ने दो सप्ताह पहले मोंटे कार्लो में 32वें राउंड में मोनफिल्स को हराया था। इटली के 18 वर्षीय सिना ने पिछले महीने मियामी में फ्रांसिस्को कोमेसाना को हराया था। उन्होंने जीत का यह सिलसिला जारी रखते हुए वोंग के खिलाफ 7-6 (5), 6-1 से जीत हासिल की। उन्होंने वोंग के खिलाफ मिले दोनों ब्रेक प्वाइंट बचाए और 19 विनर्स लगाए। उनका अगला मुकाबला अमेरिकी सेबेस्टियन कोर्डा से होगा। पुरुष वर्ग के अन्य मैचों में अलेक्जेंडर बुब्लिक ने एलेक्स मिशेलसन को 7-6 (2), 7-6 (4) से, कोमेसाना ने पेड्रो मार्टिनेज को 6-4, 6-4 से, नूनो बोर्गेस ने पाब्लो कैरेनो बुस्टा को 6-7 (7), 7-6 (3), 6-3 से, आर्थर रिंडरकनेच ने रोमन सफीउलिन को 7-6 (4), 6-1 से और क्रिस्टोफर ओ'कोनेल ने कैमिलो उगो काराबेली को 6-3, 6-4 से हराया।

महिला वर्ग में पिछले अक्टूबर में मातृत्व अवकाश से लौटीं बेलिंडा बेनसिक ने अपनी बेटी बेला के पहले जन्मदिन पर ज़ेनेप सोनमेज़ को 6-0, 6-2 से हराया। तीन बार की मैड्रिड ओपन चैंपियन और इस साल फरवरी में मातृत्व अवकाश से वापसी करने वाली पेट्रा क्वितोवा सीधे सेटों में केटी वोलिनेट्स से 6-4, 6-0 से हार गईं। वर्ष 2022 के आखिर में मां बनने वाली अनास्तासिजा सेवस्तोवा ने अनास्तासिया पावलुचेनकोवा को 6-4, 7-5 से हराया। एक अन्य मैच में एम्मा रादुकानु ने सुजान लैमेंस को 7-6 (4), 6-4 से पराजित किया। महिला वर्ग में अन्य मुकाबलोें में अमेरिकी एलिसिया पार्क और बर्नार्डा पेरा सीधे सेटों में आगे बढ़ीं। पेरा ने जाना फेट को 6-4, 6-3 से, जबकि पार्क ने विक्टोरिया जिमेनेज कासिंत्सेवा को 6-3, 6-3 से हराया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in