भारत को बड़ा झटका
खेल
बेजान पिच ने छीन ली जीत
जब भारत ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट 176 रन पर निकालकर जीत की उम्मीद जगा दी थी
वेलिंगटन :
भारत पहले टेस्ट में 352 रन आगे था, लेकिन बेसिन रिजर्व की पिच इतनी बेजान थी कि भारत के हाथ से जीत ही छीन ली। पिच के हाल का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने 43 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इससे न्यूजीलैंड सोमवार को भारत के खिलाफ पहला टेस्ट क्रिकेट मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा। मिचेल (186 गेंदों पर नाबाद 49) और फिलिप्स (126 गेंदों पर नाबाद 26) ने तब मोर्चा संभाला जब भारत ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट 176 रन पर निकालकर जीत की उम्मीद जगा दी थी। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 63 रन की अटूट साझेदारी की। न्यूजीलैंड ने जब अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट पर 239 रन बनाए थे तब दोनों कप्तान मैच ड्रॉ करने पर सहमत हो गए।
भारत को बड़ा झटका
भारत ने न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन पर समाप्त घोषित करके 352 रन की बढ़त हासिल की थी। इस मैच के ड्रॉ होने से भारत की विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को झटका लगा है, क्योंकि उसका अंक प्रतिशत 51.52 से गिरकर 50 हो गया है, हालांकि वह तालिका में चौथे स्थान पर बना हुआ है। न्यूजीलैंड भी दूसरे स्थान से खिसककर तीसरे स्थान पर आ गया है, जिसका अंक प्रतिशत 66.67 है। दक्षिण अफ्रीका 75 अंक प्रतिशत के साथ तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 69.23 अंक प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
गेंदबाजी में लगातार बदलाव नहीं आए काम
दिनभर तेज हवा चल रही थी और आसमान में कुछ बादल भी थे, लेकिन पिच में ऐसा कुछ नहीं था जिससे बेहद रक्षात्मक रवैया अपनाने वाले बल्लेबाजों को किसी तरह की परेशानी हो। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज गेंद की सीधी रेखा में खेलते रहे और असमान उछाल की चिंता किए बिना बचाव करते रहे। सीमित ओवरों के धाकड़ बल्लेबाज मिचेल और फिलिप्स ने दिखाया कि वह जरूरत पड़ने पर बेहद रक्षात्मक बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं मिला। न्यूजीलैंड के रक्षात्मक रवैए का अंदाजा इससे ही लग सकता है कि उसने अंतिम दिन 75 ओवर का सामना किया और केवल 120 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर (34 ओवर में 64 रन देकर एक विकेट) ने कुछ अवसरों पर बल्लेबाजों को परेशान किया लेकिन अन्य भारतीय गेंदबाज उन पर खास दबाव नहीं बना पाए।
ऐसा रहा न्यूजीलैंड का खेल
न्यूजीलैंड ने सुबह दो विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसने पहले सत्र में पिछले दिन के अविजित बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (165 गेंदों पर 65 रन) और रचिन रविंद्र (129 गेंदों पर 37 रन) के विकेट गंवाए। कॉनवे और रविंद्र ने जसप्रीत बुमराह (20 ओवर में 42 रन देकर एक विकेट) और अंशुल कंबोज (22 ओवर में 45 रन देकर एक विकेट) का अच्छी तरह से सामना किया और तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। ऐसे में वाशिंगटन ने कॉनवे को आगे बढ़कर खेलने के लिए मजबूर किया, लेकिन गेंद ने उम्मीद से थोड़ा अधिक उछाल लिया जो उनके बल्ले और पैड से लगकर ऋषभ पंत के दस्तानों में चली गई जिन्होंने आगे डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। पहली पारी में खराब लेंथ के कारण आलोचना झेलने वाले प्रसिद्ध कृष्णा (19 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट) ने दूसरी पारी में अच्छी लेंथ से गेंदबाजी की। उनकी चौथे स्टंप की लाइन पर की गई एक गेंद रविंद्र के बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप में खड़े केएल राहुल के सुरक्षित हाथों में चली गई। न्यूजीलैंड ने दूसरे सत्र में टॉम ब्लंडेल (54 गेंदों पर 15 रन) के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया, जिन्होंने कंबोज की गेंद पर पंत को कैच दिया। जैसे ही मिचेल और फिलिप्स ने भारतीय खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया, न्यूजीलैंड की टीम ने राहत की सांस ली।
अगला मैच 27 को
दोनों टीम के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। उससे पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर और गिल को अपने गेंदबाजी आक्रमण को लेकर मंथन करना होगा क्योंकि कंबोज और प्रसिद्ध खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। उन्हें मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल करने पर विचार करना होगा, जिनकी मौजूदा फॉर्म से टीम प्रबंधन खुश नहीं है।

