किर्गियोस ने निलंबन स्वीकार किया

कोकीन सेवन के मामले में वाडा नियमों के तहत सजा घटकर एक महीने हुई, उपचार कार्यक्रम पूरा करने के बाद ITIA ने निलंबन समाप्त होने की पुष्टि की
किर्गियोस ने निलंबन स्वीकार किया
Published on

लंदन : ऑस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने जून में स्पेन में एक टूर्नामेंट के दौरान कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (ITIA) द्वारा लगाए गए एक महीने के निलंबन को स्वीकार कर लिया है। ITIA ने यह जानकारी दी। किर्गियोस को चार अगस्त से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था, जिसकी जानकारी लगभग दो सप्ताह के बाद सार्वजनिक हुई थी।

ITIA के अनुसार, 31 वर्षीय किर्गियोस ने जांचकर्ताओं को बताया कि उन्होंने मलोर्का में होने वाले मुकाबले से पहले कोकीन का सेवन किया था। उन्होंने विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के विशेषज्ञ से सलाह लेने के बाद स्वीकार किया कि यह सेवन प्रतियोगिता से बाहर की अवधि में हुआ था। वाडा के नियमों के तहत इस मामले में सामान्यतः तीन महीने का प्रतिबंध लगाया जाता है, लेकिन उपचार कार्यक्रम पूरा करने पर इसे घटाकर एक महीने किया जा सकता है।

ITIA ने कहा कि उपचार कार्यक्रम पूरा करने की शर्त के साथ किर्गियोस का निलंबन बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। मलोर्का टूर्नामेंट से किर्गियोस की पुरस्कार राशि और रैंकिंग अंक वापस ले लिए गए हैं। टूर्नामेंट में उन्हें अपने हमवतन एडम वॉल्टन के खिलाफ एकमात्र मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। विंबलडन 2022 के फाइनल में पहुंचने वाले किर्गियोस को खिताबी मुकाबले में नोवाक जोकोविच से हार मिली थी। इस साल उन्होंने अब तक सिर्फ चार एटीपी एकल मुकाबले खेले हैं और वह विश्व रैंकिंग में 918वें स्थान पर हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in