

चीन : भारत की अंडर-21 पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले एएचएफ जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने की कोशिश करेगी, जबकि महिला टीम लगातार तीसरी ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी। महिला टीम पिछले दो बार की चैंपियन है। इस बार उसकी अगुवाई मिडफील्डर खैदेम शिलेमा चानू कर रही हैं। महिला टीम ने इस साल की शुरू में पद संभालने वाले मुख्य कोच टिम व्हाइट की देखरेख में कड़ा अभ्यास किया है। टीम ने इस दौरान अपनी तैयारी के सिलसिले में ब्रिटेन का दौरा भी किया, जहां उसने स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम, अमेरिका अंडर-21, इंग्लैंड अंडर-21 और बेल्जियम अंडर-21 के खिलाफ मैच खेले।
एलीट पूल में शामिल भारत पांच सितंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद वह छह सितंबर को मलेशिया, आठ सितंबर को जापान और नौ सितंबर को मेजबान चीन का सामना करेगा। हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में व्हाइट ने कहा, ‘हमारा पहला मैच शनिवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ है, इसलिए हम उसकी तैयारी कर रहे हैं। टीम परिस्थितियों के अनुकूल ढल चुकी है। मौसम थोड़ा ठंडा है, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल हैं और हम पहले मैच के लिए बेहद उत्सुक हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमें लगता है कि हमारी खेल की शैली अच्छी है और हम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि हमारी रणनीति सर्वश्रेष्ठ टीमों के सामने कितनी कारगर साबित होती है। मुझे पूरा विश्वास है कि लड़कियां भारत का नाम रोशन करेंगी।’ भारतीय पुरुष टीम इस प्रतियोगिता में पिछली तीन बार की चैंपियन है। उसने अब तक पांच बार महाद्वीपीय खिताब जीता है। डिफेंडर अनमोल एक्का टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि नव नियुक्त कोच फ्रेडरिक सोयेज अपने कार्यकाल की शुरुआत जीत से करना चाहेंगे। पुरुष टीम ने भी अच्छी तैयारी की है। उसने अपनी तैयारी के तहत बेल्जियम का दौरा भी किया जहां उसने ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड की अंडर-21 टीमों के खिलाफ मैच खेले। टीम ने बेंगलुरू में मलेशिया की अंडर-21 टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर मैत्री मैचों की एक सीरीज भी खेली।
इसके अलावा उसने डालियान में मेजबान चीन के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज भी खेली। कोच सोयेज ने कहा, ‘हमारी प्रगति काफी अच्छी रही है। चीन के खिलाफ पिछला (मैत्रीपूर्ण) मैच (जिसमें भारत ने 8-2 से जीत हासिल की) बहुत सकारात्मक रहा।’ उन्होंने कहा, ‘इस जीत से टूर्नामेंट से पहले हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। हमने डालियान में एक सप्ताह बिताया, चीन की परिस्थितियों से तालमेल बिठाया और फिर शनिवार को इंडोनेशिया के खिलाफ अपने पहले मैच से पहले मोकी पहुंचे।’ भारत पूल ए में पांच सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। मौजूदा चैंपियन टीम छह सितंबर को जापान, आठ सितंबर को दक्षिण कोरिया और नौ सितंबर को चीनी ताइपे का सामना करेगी।