सौराष्ट्र की टीम में शामिल हुए जडेजा, उनादकट कप्तान बरकरार

रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र की टीम को मजबूत करेंगे रवींद्र जडेजा, जयदेव उनादकट कप्तान बरकरार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

राजकोट : भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सौराष्ट्र के 2026-27 रणजी ट्रॉफी सत्र के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलेंगे जबकि दो बार की चैंपियन टीम के लिए जयदेव उनादकट कप्तानी बरकरार रखेंगे। बाएं हाथ के अनुभवी स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जडेजा को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की 2-1 से वनडे सीरीज जीत के बाद सौराष्ट्र की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच खेलते हुए दो विकेट लिए। हालांकि, उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के दो टेस्ट मैच (वेलिंगटन में 19 से 23 नवंबर, क्राइस्टचर्च में 27 नवंबर से एक दिसंबर) के दौरे से पहले जडेजा लाल गेंद से अभ्यास हासिल करना चाहेंगे।

रणजी ट्रॉफी का 92वां चरण 11 अक्टूबर से शुरू होगा। सौराष्ट्र पिछले सत्र में शुरुआती चरण में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। इस बार टीम को एलीट ग्रुप-बी में आंध्र, असम, छत्तीसगढ़, हैदराबाद, कर्नाटक, पंजाब और त्रिपुरा के साथ रखा गया है। जयदेव उनादकट टीम की कमान संभालेंगे, उन्होंने हाल में इंग्लैंड की काउंटी टीम ससेक्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सात मैचों में 22.21 की औसत से 28 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने हैम्पशर के खिलाफ 32 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और दो बार एक पारी में चार विकेट लेने का कारनामा भी किया।

उनादकट और चेतन सकारिया सौराष्ट्र के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। सौराष्ट्र ने उनादकट की कप्तानी में 2019-20 और 2022-23 में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। टीम ने पिछले सत्र की अपनी टीम के 14 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। हालांकि सौराष्ट्र को बाएं हाथ के स्पिनर धर्मेंद्र सिंह जडेजा की कमी खलेगी जो इस सत्र में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलेंगे। सौराष्ट्र अपने अभियान की शुरुआत राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के खिलाफ करेगी।

सौराष्ट्र की टीम : जयदेव उनादकट (कप्तान), रवींद्र जडेजा, हार्विक देसाई (विकेटकीपर), अर्पित वासवड़ा, चिराग जानी, प्रेरक मांकड़, जय गोहिल, चेतन सकारिया, अंकुर पनवार, सम्मर गज्जर, पार्थ भुट, विश्वराजसिंह जडेजा, हेतविक कोटक, नील पंड्या, अर्थ यादव, तरंग गोहेल।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in