IPL ट्रेड : हार्दिक का पंजाब किंग्स में, अर्शदीप का मुंबई इंडियंस में जाना तय

ट्रेड को BCCI की मंजूरी मिलना बाकी
New Delhi
यह सौदा हालांकि अभी प्रस्तावित है
Published on: 

नयी दिल्ली : IPL नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली (ट्रेड) पर सहमति बन गयी है। इससे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ जायेंगे। यह सौदा हालांकि अभी प्रस्तावित है और इसे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की मंजूरी मिलना बाकी है।

ट्रेड का फैसला कप्तान और कोच का था

IPL से जुड़े सूत्रों ने बताया कि हार्दिक पंड्या श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने को लेकर खुश है। उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर आगामी सत्र में भी पंजाब किंग्स का कप्तान बना रहेगा। सूत्रों ने कहा कि ट्रेड पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि अर्शदीप के बदले हार्दिक को ट्रेड करने का फैसला कप्तान और कोच का था।

अर्शदीप लंबे समय से पंजाब किंग्स के साथ जुड़ा हुआ है और फ्रेंचाइजी के लिए शानदार प्रदर्शन करके आज इस मुकाम तक पहुंचा है। फ्रेंचाइजी के मालिकों के लिए यह फैसला आसान नहीं था क्योंकि अर्शदीप ने टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनायी है। हालांकि कप्तान और कोच ने इस फैसले को आगे बढ़ाया और अब यह तय हो गया है।

हार्दिक की कप्तानी में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा मुंबई इंडियंस का सफर

इस ट्रेड के साथ मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो जायेगा। हार्दिक 2024 सत्र में मुंबई इंडियंस में लौटा था और उसे लंबे समय तक टीम की कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया था। हालांकि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

पांच बार की चैंपियन टीम हार्दिक के नेतृत्व संभालने के बाद तीन सत्र में से दो बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। यह सौदा BCCI द्वारा खिलाड़ियों को बरकरार रखने की समय सीमा को 17 नवंबर तक बढ़ाने के बाद हुआ है, जिससे दोनों फ्रेंचाइजी को 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली मिनी नीलामी से पहले आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त समय मिल जायेगा। मिनी नीलामी से पहले पंजाब किंग्स मार्कस स्टोइनिस और नेहाल वढेरा को भी रिलीज कर सकता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News