New Delhi
आर्यवीर सहवाग

आईपीएल नीलामी : आर्यवीर सहवाग भी 994 ‘अनकैप्ड'' खिलाड़ियों में

आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड और झाय रिचर्डसन भी सीमित उपलब्धता के साथ नीलामी में शामिल हैं
Published on: 

नयी दिल्ली :

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर 16 दिसंबर को आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी के लिये रजिस्टर्ड 994 ‘अनकैप्ड’ (जिन्होंने देश के लिये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है) खिलाड़ियों में शामिल है जबकि आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड और झाय रिचर्डसन भी सीमित उपलब्धता के साथ नीलामी में शामिल हैं। नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। बोलैंड ने 2016 में IPL में दो मैच खेले थे। वह एक करोड़ रुपये की बेसप्राइज के साथ रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं लेकिन पूरे टूर्नामेंट के लिये उपलब्ध नहीं होंगे। वहीं 2021 से पहले पंजाब किंग्स द्वारा 14 करोड़ रुपये में खरीदे गए रिचर्डसन दो करोड़ की बेसप्राइज के साथ उपलब्ध है लेकिन आधा टूर्नामेंट ही खेल पायेंगे। वह आस्ट्रेलिया के लिये सारे प्रारूपों में खेल चुके हैं। IPL दिग्गज डेविड वॉर्नर ने दो करोड़ की बेसप्राइज रखी है। वह आखिरी बार 2024 में आईपीएल खेले थे हालांकि उनमें टीमों की दिलचस्पी होना मुश्किल ही है। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेवोन जॉन जैकब्स ने भी नाम दिया है लेकिन वह 10 प्रतिशत मैच ही खेल सकेंगे। इंग्लैंड के सैम बिलिंग्स 80 प्रतिशत मैचों के लिये उपलब्ध होंगे।आईपीएल 2026 में मिचेल स्टार्क टूर्नामेंट का पहला चरण नहीं खेल सके थे। वह और आस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड आईपीएल 2027 के लिये उपलब्ध नहीं हैं। आर्यवीर और मोहित उल्वा 30 लाख रुपये की बेसप्राइज के साथ अपना नाम रजिस्टर्ड करा चुके हैं। दोनों ओमान में हाल ही में हुए अंडर 19 एशिया कप में भारत की जीत के सूत्रधार थे। आर्यवीर 361 रन बनाकर प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रहे थे। अनुभवी ईशांत शर्मा और नीतिश राणा भी ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ियों की श्रेणी में हैं हालांकि भारत के लिये खेल चुके हैं। आईपीएल के नियमों के अनुसार 5 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर खिलाड़ी ‘अनकैप्ड’ श्रेणी में आते हैं। दोनों का बेसप्राइज 50 लाख रुपये है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News