

नयी दिल्ली : तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में हर्षित राणा की जगह शामिल किया गया। IPL-2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। सैनी और राणा दोनों भारत के लिए खेल चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। राणा ने पिछले महीने घुटने की सर्जरी कराई थी, जिसके कारण वे T-20 विश्व कप से बाहर हो गए।
IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और गुजरात टाइटन्स (GT) ने क्रमशः नवदीप सैनी और कुलवंत खेजरोलिया को IPL- 2026 के लिए विकल्प के तौर पर चुना है।’ खेजरोलिया गुजरात टाइटन्स की टीम में पृथ्वीराज यारा की जगह लेंगे। सैनी ने अब तक 32 IPL मैचों में 23 विकेट लिए हैं, इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी 23 विकेट अपने नाम किए हैं।
वह केकेआर में 75 लाख रुपये के अनुबंध के तहत शामिल होंगे। बयान में कहा गया, ‘इसी तरह खेजरोलिया चोटिल यारा की जगह गुजरात टाइटन्स में शामिल होंगे। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के नाम IPL में छह विकेट हैं। वह इससे पहले गुजरात के अलावा KKR और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के लिए खेल चुके हैं।’ खेजरोलिया 30 लाख रुपये में गुजरात टाइटन्स से जुड़ेंगे।