IPL-2026 : MI के इन खिलाड़ियों पर होगी नजर

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पांड्या (146 रन और चार विकेट) और सूर्यकुमार (186) का अब तक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, जिससे मुंबई को काफी नुकसान हुआ है।
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

मुंबई : मुंबई इंडियंस को यदि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अगर मगर की कठिन डगर की उम्मीदें जीवंत रखनी हैं तो सबसे निचले पायदान पर काबिज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ सोमवार को यहां होने वाले मुकाबले में उसके कप्तान हार्दिक पांड्या और प्रमुख बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पांड्या (146 रन और चार विकेट) और सूर्यकुमार (186) का अब तक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, जिससे मुंबई को काफी नुकसान हुआ है। विशेषकर तब जबकि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण नहीं खेल पा रहे हैं। वह हालांकि अब वापसी की राह पर हैं। पांच बार की IPL विजेता मुंबई इंडियंस नौ मैचों में सिर्फ दो जीत के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। उसकी IPL प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं।

मुंबई को अगर मगर से क्वालीफाई करने की उम्मीद बनाए रखने के लिए अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे और साथ ही अन्य टीम के परिणाम भी अपने अनुकूल रहने के लिए प्रार्थना करनी होगी। उसके प्रमुख खिलाड़ी अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुंबई के खराब प्रदर्शन से हार्दिक की कप्तानी भी सवालों के घेरे में आ गई है। रणनीति के मामले में वह पूरी तरह नाकाम रहे हैं। मुंबई के बल्लेबाज एकजुट होकर प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जबकि हार्दिक का बल्ले और गेंद दोनों से साधारण प्रदर्शन रहा है। गेंदबाजी में हार्दिक का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार की जरूरत है। सूर्यकुमार अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करने में नाकाम रहे हैं, जो वास्तव में चिंता का विषय है क्योंकि अब वह पहले की तरह गेंदबाजों पर हावी नहीं हो पा रहे हैं।

भारत की T-20 टीम के कप्तान ने 2025 में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। उन्होंने 2026 की अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद उनका बल्ला नहीं चल पाया। वह न तो पूरी तरह से फॉर्म से बाहर नजर आ रहे हैं और ना ही वह क्रीज पर लंबा समय बिता पाए हैं। मुंबई इंडियंस और LSG का इस सत्र में प्रदर्शन एक जैसा रहा है। यह दोनों ही टीमें बल्लेबाजों की सामूहिक विफलता से जूझ रही हैं, जिसने अंतिम चार में पहुंचने की उनकी संभावनाओं को काफी हद तक धूमिल कर दिया है। LSG के कप्तान ऋषभ पंत भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। उनकी टीम लगातार पांच मैच हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे खिसक गई है। LSG ने पहले मैच में हार के साथ शुरुआत करने के बाद लगातार दो जीत से वापसी की। हालांकि जब उनकी टीम को अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए था तब वह ऐसा नहीं कर पाई।

उसके गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है लेकिन बल्लेबाजों की कमजोरी उसकी राह में रोड़ा बन रही है। LSG के पिछले मैच में मोहसिन खान ने 23 रन देकर पांच विकेट लिए थे लेकिन उनका यह शानदार प्रयास टीम को दो अंक नहीं दिला पाया क्योंकि सुपर ओवर में खराब फॉर्म में चल रहे निकोलस पूरन को भेजने का फैसला गलत साबित हुआ। कप्तान पंत खुद ऐसे मोड़ पर खड़े हैं जहां सीमित ओवरों के उनके खेल पर सवाल उठ रहे हैं। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज को भी अपनी टीम के लिए स्थिति को पलटने की चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि LSG के लिए यह सप्ताह काफी व्यस्त है और उसे सात दिन के अंदर तीन मैच खेलने हैं।

मुंबई इंडियंस : हार्दिक पांड्या (कप्तान), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराी, दीपक चाहर, एएम गजनफर, कृष भगत, केशव महाराज, मयंक मारकंडे, मोहम्मद इजहार, रघु शर्मा।

लखनऊ सुपर जाइंट्स : ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नोर्किया, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव।  

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in