

नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने कोलकाता नाइटराइजर्स के खिलाफ आईपीएल के 56वें मैच में बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। यशस्वी ने इस मामले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यशस्वी ने 13 गेंद पर ही अर्धशतक लगा दिया। वहीं, राहुल ने इसके लिए 14 गेंदों का सामना किया था। कोलकाता ने राजस्थान को 150 रन का लक्ष्य दिया। यशस्वी ने जोस बटलर के साथ राजस्थान की पारी की शुरुआत की। उन्होंने पहले ही ओवर में कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान नीतीश राणा की गेंदों पर 26 रन बनाए। इस दौरान यशस्वी ने तीन चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने तीसरे ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। यशस्वी इस सीजन में एक शतक भी लगा चुके हैं। यशस्वी ने आईपीएल के 1000वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी। यह राजस्थान के लिए खेलते हुए किसी भी बल्लेबाज का आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले बटलर ने भी 124 रन की पारी खेली थी।
यशस्वी के मुंबई के आजाद मैदान के बाहर गोलगप्पे बेचने से लेकर आईपीएल में शतकवीर बनने तक का सफर रोमांचक रहा है। यशस्वी उत्तर प्रदेश के भदोही के रहने वाले हैं। उनका बचपन बेहद गरीबी में बिता है। 11 साल की उम्र में यशस्वी क्रिकेटर बनने के लिए मुंबई पहुंचे थे। वहां उनके लिए सबकुछ आसान नहीं था। मुंबई जैसे बड़े शहर में यशस्वी को अपना नाम बनाना था।