IOA चुनाव : आपत्तियां खारिज, पीटी उषा और हरजिंदर के नामांकन स्वीकार
नयी दिल्ली : भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के निर्वाचन अधिकारी ने 5 दिसंबर को होने वाले चुनावों के लिए मौजूदा अध्यक्ष पीटी उषा और भारतीय आइस हॉकी संघ (आईएचएआई) के महासचिव हरजिंदर सिंह को निर्वाचक मंडल में शामिल करने को लेकर उठाई गई आपत्तियों को खारिज करते हुए उनके नामांकन को स्वीकार कर लिया है।
आइस हॉकी संघ ने उठाई थी यह आपत्ति
आईएचएआई के एक गुट ने शुक्रवार को दावा किया था कि दिग्गज एथलीट उषा आइस हॉकी के राष्ट्रीय महासंघ की सदस्य नहीं हैं और इसलिए IOA की आम सभा में इसका प्रतिनिधित्व नहीं कर सकती हैं। निर्वाचक मंडल की अंतिम सूची में शामिल उषा और हरजिंदर की पात्रता पर सवाल उठाए गए थे, जो दोनों आईएचएआई के सदस्य के रूप में सूचीबद्ध हैं।निर्वाचन अधिकारी ने आईएचएआई से जवाब मांगा और 14 नवंबर को व्यक्तिगत सुनवाई के लिए उसके प्रतिनिधियों को बुलाया। हरजिंदर और श्रीनिवास कोटनी बैठक में उपस्थित हुए और उन्होंने पुष्टि की कि उषा और वर्तमान महासचिव आइस हॉकी संघ के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने 14 नवंबर को नोटरी द्वारा सत्यापित एक विस्तृत हलफनामा भी पेश किया। इसके अलावा आपत्तियों के जवाब में रिकॉर्ड और स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत किए।
IOA से स्पष्टीकरण मांगा
इस दौरान IOA से यह स्पष्टीकरण मांगा गया कि क्या किसी विशेष खेल से जुड़ा कोई व्यक्ति केवल उसी संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) का सदस्य हो सकता है या वह किसी अन्य एनएसएफ का भी सदस्य बन सकता है। IOA ने स्पष्ट किया कि ‘केवल इस आधार पर किसी व्यक्ति को अयोग्य घोषित नहीं किया जा सकता कि वह अपने खेल से इतर किसी अन्य एनएसएफ का सदस्य है।’सहायक निर्वाचन अधिकारी के फैसले के अनुसार IOA संविधान या राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, 2025 और इसके संबंधित नियमों में इस मुद्दे पर कोई स्पष्टता या विशिष्ट प्रावधान नहीं है। इस वर्ष सितंबर में मंजूर किए गए IOA संविधान के अनुच्छेद 10.4 में कहा गया है कि ‘प्रत्येक इकाई (एनएसएफ) द्वारा मनोनीत प्रतिनिधि ऐसी इकाइयों (एनएसएफ) के सदस्य होने चाहिए।’ निर्वाचन अधिकारी ने इसके बाद आपत्तियों को खारिज कर दिया और नामांकन स्वीकार कर लिए। उषा चार महिला उत्कृष्ट खिलाड़ियों (एसओएम) में नहीं चुनी गई थी जिसके बाद उन्हें आईएचएआई ने आम सभा में अपने दो प्रतिनिधियों में से एक के रूप में नामित किया।

