Doha
वैभव सूर्यवंशी

भारत की रिकॉर्ड वैभवी जीत

‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी की 53 गेंद में 204 रन की असाधारण पारी
Published on: 

दोहा :

‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंद में 204 रन की असाधारण पारी में कई विश्व रिकॉर्ड तोड़े जिसके दम पर भारत ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में मंगलवार को ग्रुप बी के मैच में 250 रन का लक्ष्य 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक (28 गेंद में) और सबसे तेज दोहरा शतक (52 गेंद में), 28 छक्के का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले पिछले साल तक भारत के लिये प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया के 144 गेंद में 130 रन की मदद से यूएई ने 8 विकेट पर 249 रन बनाये। पिछले दो मैचों में नाकाम रहे सूर्यवंशी ने अपनी पारी में छक्कों की बौछार कर दी। उन्होंने स्पिनरों या तेज गेंदबाजों किसी को नहीं बख्शा। उन्होंने मैच के बाद मेजबान प्रसारक से कहा, ‘मैं पहले दो मैचों में रन नहीं बना सका था। विकेट को समझने के बाद मुझे लगा कि इसमें गेंदबाजों के लिये कुछ नहीं है तो मैंने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया। मैं हर मैच में लंबी पारी ही खेलना चाहता हूं।’

पाक से हारा था पिछला मैच

पिछले मैच में पाकिस्तान से हारने के बाद भारत ए ने जबर्दस्त वापसी की। पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और तीन मैचों में दूसरी जीत के साथ भारत ए का पहुंचना भी तय है। सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के चाड बोव्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2024 में फोर्ड ट्रॉफी में कैंटरबरी की ओर से ओटागो के खिलाफ 103 गेंद में दोहरा शतक लगाया था। सूर्यवंशी को 11वें ओवर में जीवनदान भी मिला था जिसका फायदा उठाकर उन्होंने दोहरा शतक पूरा किया।

हरप्रीत भी अच्छा खेला

इससे पहले यूएई के लिये हरप्रीत ने 144 गेंद में 12 चौके और 4 छक्के जड़कर 130 रन की पारी खेली। यह लिस्ट ए क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 35 वर्षीय हरप्रीत इस साल की शुरुआत में यूएई के नागरिक बने थे। उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करने के अलावा भारत में प्रथम श्रेणी के 86 मुकाबले भी खेले हैं। घरेलू क्रिकेट में वह अपने गृह राज्य मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों का हिस्सा रहे। इसके अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स सहित विभिन्न टीमों के लिए आईपीएल के 9 मुकाबले खेले हैं। वह इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट भी खेल चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘किसी बड़ी टीम के खिलाफ रन बनाने की प्रेरणा हमेशा रहती है। भारत (ए) एक बहुत अच्छी टीम है और मुझे खुशी है कि मैं ऐसा कर पाया।’ हरप्रीत ने यूएई की पारी के बाद कहा, ‘आज सुबह मेरे मन में विचार आया कि आज गुरु नानक जयंती है। मुझे ऐसा महसूस हुआ कि आज मैं शतक बनाने जा रहा हूं। काफी लंबे समय बाद गुरु नानक जयंती के दिन मेरे बल्ले से शतक निकला है। मैं सभी को गुरुपर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं।’ बाएं हाथ के बल्लेबाज हरप्रीत ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी खास तौर पर प्रभावशाली रही। उन्होंने हर्षित की गेंदों पर दो छक्के जड़े।हरप्रीत ने धीमी गेंद पर छक्का लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना सातवां शतक पूरा किया। वह शतक पूरा करने के बाद वह भावुक नजर आए। हरप्रीत को 47वें ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने पवेलियन भेजा। अरशद ने 10 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट हासिल किये। वह भारत ए के सबसे सफल गेंदबाज रहे।चोट से उबरने के बाद अपनी मैच फिटनेस साबित करने की कोशिश कर रहे हर्षित राणा भारत ए के सबसे महंगे गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 63 रन देकर एक विकेट लिया। हरप्रीत ने जहां 90.28 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, वहीं यूएई के अन्य बल्लेबाज रन गति बनाए रखने और अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने में नाकाम रहे। आईसीसी के पात्रता नियमों के मुताबिक, हरप्रीत को यूएई की ओर से खेलने की योग्यता हासिल करने के लिए वहां 3 साल तक निवास करना जरूरी था, लेकिन यूएई का पासपोर्ट होने के आधार पर उन्होंने अप्रैल में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर लिया।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News