

दोहा : भारतीय निशानेबाजों को बुधवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में एक और निराशाजनक दिन का सामना करना पड़ा, जब भारतीय खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम और 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धाओं में पदक की दौड़ से बाहर हो गए जबकि एक जोड़ी के अयोग्य घोषित होने से टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं।
सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों की भारतीय जोड़ी 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में चार टीम के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। दोनों ने कुल 632.4 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया। सोनम ने 316.6 जबकि हिमांशु ने 315.8 अंक जुटाए। भारत की दूसरी जोड़ी शांभवी क्षीरसागर और पार्थ माने को अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारत की पदक की उम्मीदें 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में भी टूट गईं। देश के तीनों निशानेबाज आठ खिलाड़ियों के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। भावेश शेखावत दो दिन की क्वालीफिकेशन स्पर्धा के बाद कुल 582 अंकों के साथ भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 12वें स्थान पर रहे। गुरप्रीत सिंह 579 अंक के साथ 18वें जबकि सूरज शर्मा 571 अंक लेकर 35वें स्थान पर रहे। भारत ने टीम स्पर्धा में कुल 1,732 अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया। विश्व चैंपियनशिप के साथ ही 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन भारत अब तक किसी ओलंपिक स्पर्धा में व्यक्तिगत पदक नहीं जीता है और ना ही खेलों के लिए कोटा स्थान हासिल करने में सफल रहा है। भारत ने अब तक पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में टीम स्वर्ण और व्यक्तिगत रजत पदक जीता है। हालांकि, यह स्पर्धा ओलंपिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं है। इसके अलावा भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में टीम रजत पदक भी हासिल किया है।
हालांकि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने की दौड़ में केवल ओलंपिक स्पर्धाओं में जीते गए व्यक्तिगत पदक ही मान्य होंगे।