फीफा रैंकिंग में भारतीय फुटबाॅल टीम 133वें स्थान पर

भारत चार जून को एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में थाईलैंड (0-2) से हार गया और फिर एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के मैच में उसे निचली रैंकिंग वाली हांगकांग (0-1) से भी पराजय झेलनी पड़ी
फीफा रैंकिंग में भारतीय फुटबाॅल टीम 133वें स्थान पर
Published on: 

नयी दिल्ली : भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम जून में मिली दो हार से गुरुवार को जारी फीफा रैंकिंग में छह पायदान की गिरावट से 133वें स्थान पर खिसक गई। भारत चार जून को एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में थाईलैंड (0-2) से हार गया और फिर एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के मैच में उसे निचली रैंकिंग वाली हांगकांग (0-1) से भी पराजय झेलनी पड़ी। इसके बाद मुख्य कोच मनोलो मारकेज ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) से नाता तोड़ लिया। इससे पहले पिछली बार भारतीय टीम की सबसे खराब रैंकिंग दिसंबर 2016 में थी जब वह 135वें स्थान पर थी। भारत की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग फरवरी 1996 में 94 थी।

भारतीय टीम के अभी 1113.22 रेटिंग अंक हैं जबकि पहले उसके 1132.03 अंक थे। वह 46 एशियाई देशों में 24वें स्थान पर है जिसमें जापान (17वीं रैंकिंग) सबसे आगे है। भारतीय पुरुष टीम के लिए कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। हांगकांग के खिलाफ हार ने टीम की 2027 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने की मुहिम को मुश्किल में डाल दिया है। मारकेज के मार्गदर्शन में टीम ने अपने पिछले आठ में से सिर्फ एक मैच में जीत दर्ज की और उसे यह जीत मार्च में मालदीव के खिलाफ मिली थी।

इस सल भारत ने अभी तक चार मैच खेले हैं जिसमें से उसे एक में जीत मिली है जबकि दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। इन खराब नतीजों के कारण पूर्व कप्तान और स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री की टीम में संन्यास से वापसी हुई लेकिन इससे टीम की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। भारत का अगला अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर में सिंगापुर के खिलाफ है जो एशियाई कप क्वालीफायर के तीसरे दौर का मुकाबला है। विश्व चैंपियन अर्जेंटीना 210 देशों की सूची में सबसे आगे है। इसके बाद शीर्ष 10 में स्पेन, फ्रांस, इंग्लैंड, ब्राजील, पुर्तगाल, नीदरलैंड, बेल्जियम, जर्मनी और क्रोएशिया शामिल हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in