तेज गेंदबाजों और कोहली के कमाल से भारत ने जीता पहला वनडे

भारत ने 22 रन के अंदर गंवाए चार विकेट, कोहली-गिल ने संभाला मोर्चा
Auckland
जीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराया
Published on: 

ऑकलैंड : तेज गेंदबाजों के कमाल और विराट कोहली की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की शृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल की।

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (70 रन देकर चार विकेट), गुरनूर बराड़ (44 रन देकर तीन) और अंशुल कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने मिलकर नौ विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 40.2 ओवर में में 185 रन पर ढेर कर दिया।

बारिश के व्यवधान से एक घंटे से अधिक समय तक खेल नहीं हो पाने के कारण भारत के सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 40 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा गया। इसके बाद 2.1 ओवर का खेल ही हो पाया था कि फिर से बारिश आ गई। खेल शुरू होने पर भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य दिया गया। भारत ने कोहली (51 गेंद पर 74 रन, 13 चौके, एक छक्का) और कप्तान शुभमन गिल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की मदद से 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया। भारत ने हालांकि जिस तरह से 22 रन के अंदर चार विकेट गंवाए वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय हो सकता है। पहली बार जब बारिश के कारण खेल रुका तब भारत ने एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। दूसरे व्यवधान के समय उसका स्कोर एक विकेट पर 64 रन था। भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे। कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे और उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती। अब केवल वनडे प्रारूप में खेलने वाले कोहली ने ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का लगाया और इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका लगाकर 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस ओवर में दो और चौके लगाए। गिल ने हालांकि नाथन स्मिथ की तेजी से उठती गेंद पर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दे दिया। उन्होंने अपनी 56 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए। जैकब डफी (49 रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में कोहली और अक्षर पटेल को आउट करके मैच में कुछ रोमांच भरा। टिम सीफर्ट ने कोहली का डीप स्क्वायर लेग पर एक हाथ से शानदार कैच लिया। डफी ने श्रेयस अय्यर (15) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। नमन धीर (नाबाद पांच) ने विजयी चौका लगाया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News