शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल शतक से चूके
खेल
मैच पर भारत ने शिकंजा कसा
भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर अपनी पहली पारी में 4 विकेट पर 486 रन बनाए
वेलिंगटन :
सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने शतक जमाया जबकि कप्तान शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल तिहरे अंक में पहुंचने से चूक गए। लेकिन उनकी शानदार बल्लेबाजी से भारत पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड से काफी आगे निकल गया। भारत ने शनिवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर अपनी पहली पारी में 4 विकेट पर 486 रन बनाए। भारत ने इस तरह से न्यूजीलैंड पर 118 रन की बढ़त हासिल कर ली है जिसने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे। राहुल ने 290 गेंदों पर 136 रन की आकर्षक पारी खेली जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल हैं। देवदत्त पडिक्कल ने 175 गेंद पर 10 चौकों की मदद से 80 रन बनाए। गिल तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से 2 गेंद पहले 98 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 146 गेंद की अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए।
पांचवीं बार 5 का पचासा
स्टंप उखड़ने के समय ऋषभ पंत 62 गेंद पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 55 रन पर खेल रहे थे जबकि नाइट वॉचमैन अंशुल कंबोज को अभी अपना खाता खोलना है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दूसरे दिन 85 रन की पारी खेली थी। भारत के लिए यह पांचवां अवसर है जब उसके चोटी के 5 बल्लेबाज 50 इससे अधिक रन बनाने में सफल रहे। भारत ने विदेशी धरती पर पहली बार यह उपलब्धि हासिल की। जहां राहुल की पारी दृढ़ संकल्प और अचूक रक्षात्मक तकनीक पर आधारित पारंपरिक टेस्ट पारी थी, वहीं गिल ने आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने दिन के आखिरी ओवर में जैकब डफी की गेंद पर बोल्ड होने से पहले बेहद आक्रामक अंदाज में कट और पुल शॉट खेले। भारतीय कप्तान ने डफी की गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे भारत ने न्यूजीलैंड का स्कोर भी पार कर दिया।जब ग्लेन फिलिप्स को दोबारा गेंदबाजी के लिए लाया गया, तो गिल ने बड़ी आसानी से उनकी गेंद को लांग ऑफ के ऊपर से छक्का मारा।भारत ने पडिक्कल के रूप में दिन का अपना पहला विकेट गंवाया। काइल जैमीसन ने उनका रक्षण भेदकर उन्हें बोल्ड किया। न्यूजीलैंड को पहले दो सत्र में यह एकमात्र सफलता मिली। पडिक्कल अपना तीसरा लगातार टेस्ट शतक बनाने की ओर अग्रसर थे, लेकिन तभी जैमीसन ने ऑफ-स्टंप को निशाना बनाकर गेंद फेंकी जिसे बाएं हाथ के बल्लेबाज ने लाइन के अंदर खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनके बल्ले के बाहरी किनारे से तेजी से निकलकर ऑफ-स्टंप की गिल्ली गिरा दी।
सचिन-कोहली के बराबर पहुंचे राहुल
राहुल ने लंच के बाद डफी की गेंद पर शॉर्ट कवर में एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इस तरह से वह मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बाद सेना (SENA - दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए। राहुल ने जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी करने के बाद पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े। न्यूजीलैंड में खेले गए टेस्ट मैचों में यह केवल तीसरा अवसर है जबकि मेहमान टीम ने पहले 2 विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की है। गिल ने राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन और पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 100 की साझेदारी की। राहुल को नाथन स्मिथ ने आउट किया जिनकी गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकटों में समा गई।लंच से पहले अंतिम ओवरों में राहुल ने ऑफ स्पिनर फिलिप्स पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया। यह भारतीय पारी का पहला छक्का था। उन्होंने फिलिप्स के अगले ओवर में कवर क्षेत्र में चौका लगाकर अपना स्कोर 90 रन के पार पहुंचाया। भारत ने सुबह एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा बेंगलुरु के दोनों बल्लेबाजों राहुल और पडिक्कल को पिच से किसी तरह की परेशानी नहीं हुई जो टेस्ट के पहले दिन से ही बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी हुई है।

