नयी दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन का मानना है कि अपनी रणनीति पर अमल करने पर भारत दुनिया की किसी भी टीम को हरा सकता है। भारत ने FIH प्रो लीग में निराशाजनक अभियान के आखिरी दौर में बेहतर प्रदर्शन किया। भारत ने यूरोप चरण में विश्व चैंपियन जर्मनी और 2024 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीदरलैंड को हराया। वहीं दुनिया की तीसरे नंबर की टीम इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी। भारत 9 टीमों में आठवें स्थान पर पाकिस्तान से ऊपर रहा और 16 मैचों में 19 अंक हासिल किये। फुल्टन ने कहा, ‘इस प्रो लीग की सबसे सकारात्मक बात यह रही कि टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।
जर्मनी और नीदरलैंड पर मिली जीत और इंग्लैंड के खिलाफ करीबी मुकाबले से साबित हो गया है कि अपनी रणनीति पर डटे रहने पर हम दुनिया की किसी भी टीम को हरा सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘विश्व कप और एशियाई खेलों से पहले यह काफी महत्वपूर्ण है लेकिन हमें अपना प्रदर्शन बेहतर करना होगा और हर क्वार्टर में प्रदर्शन में निरंतरता बनाये रखनी होगी।’ कोच ने कहा, ‘अच्छी बात यह है कि यह टीम काफी परिपक्व हुई है। हमने दबाव में संयम बनाये रखा और अलग-अलग शैलियों से खेलकर करीबी मुकाबले जीते। हमें इसी तरह के अनुभव की जरूरत थी। विश्व कप की तैयारी के लिये हमने सही नींव रख दी है।’
प्रो लीग के राउरकेला चरण में भारत को बेल्जियम और अर्जेंटीना ने हराया। इसके बाद होबार्ट में भारत को स्पेन से 0-2 से पराजय मिली लेकिन वापसी करते हुए भारत ने आस्ट्रेलिया को 2-2 से और स्पेन को 1-1 से ड्रॉ पर रोका। दोनों मैचों में हालांकि शूटआउट में भारतीय टीम हार गई। आखिरी मैच में भारत ने शूटआउट में आॅस्ट्रेलिया को 3-1 से हराया। होबार्ट में भारत ने चार मैचों में छह ही गोल गंवाये। यूरोप चरण में रोटरडम में भारत ने जर्मनी को 3-1 और नीदरलैंड को 3-2 से मात दी। भारत ने चार मैचों में नौ गोल किये जिनमें से पांच फील्ड गोल थे। लंदन में भारतीय टीम पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ निर्धारित समय के भीतर चारों मैचों में अपराजेय रही।