पडिक्कल की शानदार फॉर्म और सिराज की वापसी से भारत ए मजबूत
क्राइस्टचर्च : देवदत्त पडिक्कल की शानदार फॉर्म और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की वापसी से भारत ए को मजबूती मिली है और वह शनिवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे अनौपचारिक 4 दिवसीय टेस्ट में न्यूजीलैंड ए को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की शृंखला के लिए भारतीय खिलाड़ियों को 4 दिवसीय मैच से तैयार होने में मदद मिलेगी। पडिक्कल निस्संदेह अब तक भारत ए के लिए सबसे सकारात्मक पहलू रहे हैं, जिन्होंने पहले मैच में शतक बनाकर टीम को वापसी दिलाई थी। भारत ए की टीम पहली पारी में 39.3 ओवर में केवल 113 रन पर आउट हो गई थी। इसके बाद बाएं हाथ के प्रतिभाशाली बल्लेबाज पडिक्कल ने शानदार 199 रन बनाकर टीम को दूसरी पारी में 516 रन तक पहुंचाने में मदद की और न्यूजीलैंड ए के सामने 313 रन का लक्ष्य रखा। उन्होंने अपनी स्पिन गेंदबाजी से दो विकेट भी लिए। यश राठौड़ ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 44 और 66 रन बनाए, लेकिन भारत के लिए सलामी बल्लेबाजों का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने 17 और पांच रन बनाए। केएल राहुल ने भी निराश किया। उन्होंने एक पारी में चार रन बनाए जबकि अन्य पारी में खाता भी नहीं खोल सके। राहुल अब वनडे टीम से जुड़ेंगे और दूसरा मैच नहीं खेलेंगे।
राहुल की जगह शिखर मोहन
राहुल की जगह टीम में शामिल किए गए झारखंड के 21 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर मोहन को रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ए की टीम में शामिल किया गया है और वह मौका मिलने पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे। साई सुदर्शन ने पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद दूसरी पारी में 91 रन बनाकर शानदार वापसी की, वहीं कप्तान ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने एक और दो रन बनाए। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने दूसरी पारी में अर्धशतक बनाया। गेंदबाजों में औकिब नबी ने 6 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने प्रत्येक पारी में 3-3 विकेट लिए हैं। नबी और अंशुल कंबोज ने पहली पारी में 3-3 विकेट लिए। भारत की टेस्ट टीम के सदस्य आकाश दीप ने भी 3 विकेट हासिल किए। भारतीय टीम पहले मैच में जीत के करीब थी, लेकिन खराब रोशनी के कारण मैच तब समाप्त कर दिया गया था जब भारत को जीत के लिए केवल एक विकेट लेने की जरूरत थी। सिराज के शामिल होने से तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूती मिलेगी क्योंकि वह आगामी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप शृंखला में जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार होने की कोशिश करेंगे। बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिंकन में होने वाले तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना है, जिसमें नितीश कुमार रेड्डी की भी वापसी होगी। जहां तक न्यूजीलैंड की टीम का सवाल है तो उसने पहले दो दिन तक दबदबा बनाया लेकिन अपनी लय बरकरार नहीं रख सका। उसकी टीम अब अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

