भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ मजबूत वापसी की

भारत ए ने दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ए के 158 रन तक पांच विकेट झटक लिए थे।
भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ मजबूत वापसी की
Published on: 

ब्रिस्बेन : मध्यक्रम की बल्लेबाज राघवी बिष्ट ने 93 रन की जुझारू पारी खेली जबकि निचले क्रम की बल्लेबाज वीजे जोशीथा (51) ने अंत में शानदार अर्द्धशतक जड़ा जिससे भारत ए ने शुक्रवार को यहां एकमात्र महिला अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहली पारी में 299 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। इसके बाद भारत ए ने दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ए के 158 रन तक पांच विकेट झटक लिए थे। भारत ए की टीम बारिश से प्रभावित पहले दिन पांच विकेट पर 93 रन बनाकर मुश्किल में थी। लेकिन बिष्ट ने बीती रात के 26 रन के स्कोर से आगे खेलते हुए राधा यादव (33 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 64 रन की भागीदारी निभाई।

इसके बाद उन्होंने मीनू मणि (28 रन) के साथ 75 रन की साझेदारी कर भारत को मुश्किल से निकाला। पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ शानदार बल्लेबाजी करने वाली बिष्ट ने 153 गेंद की अपनी पारी में 16 चौके लगाए, लेकिन शतक से महज सात रन से चूक गईं। मध्यम गति की गेंदबाज मैटलन ब्राउन ने 63वें ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया। मणि को भी जल्द ही ब्राउन ने बोल्ड कर दिया। लेकिन जोशीथा और टिटास साधु (23) ने हार नहीं मानी और नौवें विकेट के लिए 75 रन की अहम साझेदारी करके भारत ए को 300 रन के करीब पहुंचा दिया। ऑफ स्पिनर लिली मिल्स ने जोशीथा को बोल्ड किया। इस भारतीय बल्लेबाज ने 72 गेंद की पारी में सात बार गेंद सीमारेखा के पार कराई।

ऑस्ट्रेलिया ए के लिए मध्यम गति की गेंदबाज जॉर्जिया प्रेस्टविज ने 37 रन देकर और ब्राउन ने 65 रन देकर तीन-तीन विकेट झटके। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 43 ओवर में 158 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। भारत ए के लिए मध्यम गति की गेंदबाज साइमा ठाकोर (21 रन देकर दो विकेट) और बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव (40 रन देकर दो विकेट) ने दो-दो विकेट लिए जबकि साधु (27 रन देकर एक विकेट) ने एक विकेट प्राप्त किया। कप्तान तहलिला विल्सन ने 49 रन बनाए और रशेल ट्रेनमैन (21) के साथ पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। स्टंप तक विकेटकीपर निकोल फाल्टम 30 और सियाना जिंजर 24 रन बनाकर क्रीज पर थीं। ऑस्ट्रेलिया ए की टीम अब भी भारत ए से 141 रन पीछे है और अभी दो दिन का खेल बाकी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in