मैं अपना ईगो होटल में ही छोड़ देता हूं : जडेजा

जडेजा ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपनी टीम को 40 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई
मैं अपना ईगो होटल में ही छोड़ देता हूं : जडेजा
Published on

नयी दिल्ली : रवींद्र जडेजा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सत्र में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए विभिन्न कारणों से अधिकतर मैचों में अपने कोटे के चार ओवर पूरे नहीं किए हैं लेकिन उन्हें इस बात का कोई शिकवा नहीं है और उनका कहना है कि वह ‘मैदान पर आने से पहले अपना अहंकार होटल के कमरे में छोड़ देते हैं।’ जडेजा ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपनी टीम को 40 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले कुछ मैचों में अपने कोटे के चार ओवर पूरे न कर पाने के बारे में जडेजा ने कहा, ‘जब मैं मैदान पर आता हूं, तो मैं अपना अहंकार होटल के कमरे में ही छोड़ देता हूं। मैं केवल इस बारे में सोचता हूं कि टीम मुझसे जिस तरह की भी अपेक्षा करेगी मैं उसे पूरी करने की कोशिश करूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘अगर इस मैच में बल्लेबाजी की बात करें तो मैं पारी के आखिर तक खेलना चाहता था क्योंकि अगर मैं 17वें या 18वें ओवर में गलत शॉट खेलकर आउट हो जाता तो हम 159 रन तक नहीं पहुंच पाते और शायद 20-25 रन कम बना पाते।’

जडेजा ने 29 गेंद पर 43 रन बनाए और फिर चार ओवरों में 29 रन देकर एक विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘LSG के लिए छोटा लक्ष्य हासिल करना शायद आसान होता। T-20 क्रिकेट में हर पिच, हर परिस्थिति और हर मैच की स्थिति अलग होती है, इसलिए आपको उसके अनुसार खेलना होता है।’ एकाना स्टेडियम की पिच पर धीमी गेंदबाजी करने के बारे में जडेजा ने कहा, ‘जब मैं दिग्वेश राठी के सामने बल्लेबाजी कर रहा था तो उनकी कुछ गेंदे रुक कर विकेट पर आ रही थी।

इसलिए मैंने सोचा कि अगर मैं इस पिच पर धीमी गेंदबाजी करूं तो शायद मुझे भी कुछ मदद मिल सके।’ इस बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी और बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने LSG के कप्तान ऋषभ पंत के बल्लेबाजी के तरीके पर निराशा व्यक्त की। बांगड़ ने कहा, ‘अपनी पारी की शुरुआत में उन्होंने जिस शॉट को खेलने की कोशिश की, वह सही तरीका नहीं था। उन्होंने जिन तीन गेंद का सामना किया उन पर ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने का प्रयास किया। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का काफी अनुभव है और अगर वह शुरुआत में स्पष्ट रणनीति के साथ खेलते हैं तो उन्हें बेहतर परिणाम मिलेंगे।’  

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in