गेंदबाजों की वापसी से खुश हूं : मोर्नी मोर्कल

मोर्कल ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि गेंदबाजों ने इस तरह से वापसी की।’
गेंदबाजों की वापसी से खुश हूं : मोर्नी मोर्कल
Published on: 

धर्मशाला : भारत के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कम स्कोर वाले तीसरे T-20 मैच में अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। दूसरे मैच में 22 अतिरिक्त समेत 213 रन देने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 117 रन पर आउट करके सात विकेट से जीत दर्ज की। मोर्कल ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि गेंदबाजों ने इस तरह से वापसी की।’

अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने दूसरे T-20 में आठ ओवरों में 99 रन दे डाले। बुमराह निजी कारणों से रविवार का मैच नहीं खेले जिनकी जगह हर्षित राणा ने ली। राणा और अर्शदीप ने दो-दो विकेट चटकाये। अर्शदीप ने कहा, ‘पिछले मैच में मैने जब भी वाइड गेंदें डाली, कैमरा कोच (मोर्कल) के चेहरे पर बार बार जा रहा था मानो उन्होंने मुझे कोई गलत रणनीति दे दी थी।

मैं मोर्नी से माफी मांगना चाहता हूं और यह भी सुनिश्चित करना चाहता हूं कि कैमरा उनके चेहरे पर बार बार नहीं जाये।’ वहीं राणा ने कहा, ‘मुझे अर्शदीप के साथ गेंदबाजी पसंद है। वह दूसरे छोर से दबाव बनाता है जिससे मदद मिलती है। धर्मशाला में यह मेरा पहला मैच था और गेंदबाजी करके अच्छा लगा। मौसम से काफी मदद मिली।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News