US ओपन की तैयारी बेहतर होने की उम्मीद : जोकोविच

सिनसिनाटी में शुरुआती हार को जोकोविच ने यूएस ओपन से पहले वरदान बताया, दो हफ्ते की अतिरिक्त तैयारी के साथ 25वें ग्रैंड स्लैम और पांचवें यूएस ओपन खिताब पर नजर
US ओपन की तैयारी बेहतर होने की उम्मीद : जोकोविच
Published on

न्यूयॉर्क : नोवाक जोकोविच को किसी टूर्नामेंट में जल्दी बाहर होना भले ही पसंद नहीं हो, लेकिन इस बार वह सिनसिनाटी ओपन में शुरुआती हार को सकारात्मक रूप में देख रहे हैं। इस 39 वर्षीय दिग्गज ने कहा कि सिनसिनाटी में पहले ही दौर में बाहर होने से उन्हें यूएस ओपन की तैयारी के लिए करीब दो सप्ताह का अतिरिक्त समय मिला। चौबीस ग्रैंड स्लैम खिताब के रिकॉर्डधारी जोकोविच रविवार रात आर्थर ऐश स्टेडियम में 48वीं रैंकिंग वाले मारियानो नाओने के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच की नजर रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम और पांचवें यूएस ओपन खिताब पर है। उन्होंने हालांकि नाओने को हल्के में लेने से इनकार किया।

जोकोविच ने कहा, ‘देखते हैं मुकाबला कैसा रहता है। पिछले कुछ वर्षों में मेरे लिए शुरुआती मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। उम्मीद है कि मैं पहली बाधा पार कर आगे लय हासिल कर सकूंगा।’ जोकोविच ने इस साल अब तक केवल 16 टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है, जो एटीपी रैंकिंग में शीर्ष 95 खिलाड़ियों में सबसे कम है। वह विंबलडन के सेमीफाइनल तक पहुंचे, जहां उन्हें यानिक सिनर से हार मिली। फ्रेंच ओपन में वह चौथे दौर में बाहर हुए, जबकि ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में उन्हें कार्लोस अल्काराज के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सिनसिनाटी ओपन में हार से पहले उन्होंने विंबलडन के बाद कोई मुकाबला नहीं खेला था। जोकोविच 20वीं बार यूएस ओपन में हिस्सा ले रहे हैं।

वह इसके साथ ही पुरुष एकल में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले जिमी कॉनर्स, आंद्रे अगासी और फेलिसियानो लोपेज की सूची में शामिल हो जाएंगे। जोकोविच ने कहा कि लंबे समय तक खेलना उनके करियर के शुरुआती दौर से ही लक्ष्य रहा है। 2005 में पदार्पण के बाद वह सिर्फ 2017 में US ओपन में नहीं खेल पाए थे, जब कोहनी की चोट के कारण उन्हें नाम वापस लेना पड़ा था। उन्होंने 2011, 2015, 2018 और 2023 में यह खिताब जीता। जोकोविच ने याद किया कि उन्होंने 20 साल पहले अपना पहला यूएस ओपन मुकाबला गेल मोनफिल्स के खिलाफ पांच सेट में खेला था। उन्होंने कहा, ‘20 साल बाद भी हम दोनों खेल रहे हैं और पुरानी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in