हॉकी इंडिया ने ओडिशा संघ को नोटिस जारी किया

हॉकी इंडिया ने ओडिशा संघ को कारण बताओ नोटिस जारी कर सदस्यता घटाने की चेतावनी दी
हॉकी इंडिया ने ओडिशा संघ को नोटिस जारी किया
Published on: 

भुवनेश्वर : हॉकी इंडिया ने ओडिशा हॉकी संघ (HAO) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और राष्ट्रीय महासंघ के उपनियमों के कथित उल्लंघन के चलते उसकी स्थायी सदस्य की मान्यता को सहयोगी सदस्य में बदलने का प्रस्ताव रखा है। यह निर्णय छह अक्टूबर को हॉकी इंडिया की कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया। इससे पहले निर्वाचन अधिकारी की प्रतिकूल रिपोर्ट के कारण एचएओ के तीन अक्टूबर को होने वाले चुनाव रोक दिए गए थे।

हॉकी इंडिया ने चिंता के आठ आधार बताए हैं जिनमें एचएओ की 30 जिला इकाइयों के कामकाज में गंभीर कमियां भी शामिल हैं। महासंघ के अनुसार सभी 30 जिला संघों में अध्यक्ष और सचिव जैसे प्रमुख पद निर्वाचित प्रतिनिधियों के बजाय पदेन प्रशासनिक अधिकारियों के पास हैं। इनमें जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी जैसे अधिकारी शामिल हैं। महासंघ ने कहा कि जरूरी दस्तावेजों के अभाव में एचएओ के चुनाव के लिए मतदाता सूची को भी अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।

एचएओ को चुनाव कराए जाने के प्रमाण और जरूरी वैधानिक मंजूरियों सहित व्यापक दस्तावेज जमा करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं करने पर हॉकी इंडिया की संबद्धता समिति और उसके बाद महासभा के माध्यम से एचएओ की सदस्यता श्रेणी बदलने के लिए औपचारिक कार्रवाई शुरू की जा सकती है। इस बीच हॉकी ओडिशा के महासचिव प्रताप सत्पथी ने हॉकी इंडिया की कार्रवाई का स्वागत किया और राज्य में हॉकी के पारदर्शी प्रशासन को सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in