T-20 में अकेले 9 विकेट चटका दी

ब्राजील की लॉरा कारडोसो किसी T-20 इंटरनेशनल (महिला या पुरुष) मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गईं
T-20 में अकेले 9 विकेट चटका दी
Published on

दुबई : ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कारडोसो ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया जब वह पुरुषों या महिलाओं के T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ही पारी में नौ विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। कारडोसो ने लेसोथो के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए चार रन देकर नौ विकेट चटकाए जो T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े है। उन्होंने गैबोरोन में बोत्सवाना क्रिकेट संघ ओवल दो मैदान पर BCA कालाहारी महिला T-20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में यह उपलब्धि हासिल की।

पिछला रिकॉर्ड भूटान की सोनम येशे के नाम था जिन्होंने 2025 में पुरुषों के T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में म्यांमार के खिलाफ सात रन देकर आठ विकेट लिए थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अनुसार महिलाओं के T-20 अंतरराष्ट्रीय में कारडोसो ने इंडोनेशिया की रोहमालिया के 2024 में मंगोलिया के खिलाफ बिना रन के सात विकेट चटकाने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। गुरुवार को हुए मैच में ब्राजील ने रॉबर्टा एवरी (35 गेंद पर 48 रन) और मोनिके मचाडो (41 गेंद पर नाबाद 69 रन) की शानदार पारियों की मदद से 202 रन का बड़ा स्कोर बनाया।

इसके जवाब में लेसोथो की टीम 6.2 ओवर में सिर्फ 13 रन पर सिमट गई और ब्राजील ने 189 रन की बड़ी जीत दर्ज की। तेज गेंदबाज कारडोसो ने दूसरे ओवर में हैट्रिक के साथ शुरुआत की। उन्होंने चौथे ओवर में चार और विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या सात कर ली। कारडोसो ने छठे ओवर में दो और विकेट के साथ पारी में नौ विकेट चटकाए। आखिरी विकेट मैरिएन आर्टुर ने लिया। कारडोसो ने अपने तीन ओवर के स्पेल में मात्र 4 रन देकर 9 विकेट झटके।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in