FIFA World Cup : इंग्लैंड वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में

जूड बेलिंगहम के दो गोलों से इंग्लैंड ने एर्लिंग हालैंड की नॉर्वे को 2-1 से हराकर 2018 के बाद पहली बार फीफा विश्व कप सेमीफाइनल में जगह बनाई, अब अर्जेंटीना से होगा मुकाबला
FIFA World Cup : इंग्लैंड वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में
Published on

मियामी गार्डंस : जूड बेलिंगहम के दो गोल की मदद से इंग्लैंड ने एर्लिंग हालैंड की नॉर्वे को 2-1 से हराकर 2018 के बाद पहली बार विश्व कप फुटबॉल के सेमीफाइनल में जगह बना ली। बेलिंगहम ने अतिरिक्त समय के तीसरे मिनट में विजयी गोल से पहले शुरुआती हाफ में बराबरी का गोल भी किया था। रीयाल मैड्रिड के स्टार स्ट्राइकर के अब हैरी केन के बराबर छह गोल हो गए हैं और वह आठ गोल करने वाले फ्रांस के कीलियन एमबाप्पे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड (सात गोल) से ही पीछे हैं। इस विश्व कप के हर मैच में गोल करने वाले छह फुट पांच इंच लंबे हालैंड का जादू इस मैच में नहीं चल सका। उन्होंने अंतिम 16 के मुकाबले में सह मेजबान मैक्सिको के खिलाफ भी दो गोल किये थे।

पिछले 60 साल में खिताब नहीं जीत सकी विश्व कप 1966 विजेता इंग्लैंड का सामना अब अर्जेंटीना से होगा जिसने अतिरिक्त समय में स्विटजरलैंड को 3-1 से हराया। जीत के बावजूद कोच थॉमस ट्यूशेल टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं दिखे। उन्होंने फॉक्स स्पोर्ट्स को दिये इंटरव्यू में कहा, ‘हमने इस मुकाबले को खुद कठिन बना दिया । हम जीत गए और सेमीफाइनल में पहुंचना शानदार है लेकिन मैं प्रदर्शन से कतई खुश नहीं हूं।’ नॉर्वे के लिये आंद्रियास श्जेलडेरप ने 36वें मिनट में गोल करके टीम को बढत दिला दी। इसके साथ ही इंटरनेट पर ‘वाइकिंग रो’ (नॉर्वे का जश्न मनाने का अनूठा अंदाज) छा गया। नॉर्वे और मैनचेस्टर सिटी के स्टार एर्लिंग हालैंड इस विश्व कप में पहली बार एक भी गोल नहीं कर सके।

दूसरे हाफ के अतिरिक्त समय में उनकी जगह जोर्गन स्ट्रांड लारसेन को उतारा गया। नॉर्वे ने 56वें मिनट में 2-1 की बढ़त बना ली थी जब टोरबोर्न हेगेम ने कॉर्नर किक पर रिबाउंड पर गोल किया लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद उसे अमान्य कर दिया गया क्योंकि हालैंड ने बॉक्स के भीतर फाउल किया था। पहले हाफ में हालैंड ने हेडर लगाया जिसे गोलकीपर जोर्डन पिकफोर्ड ने रोक लिया था। बेलिंगहम ने बराबरी का गोल किया तो इंग्लैंड के समर्थकों में जोश का संचार हो गया। दर्शक दीर्घा में इंग्लैंड के महान खिलाड़ी डेविड बैकहम और मिक जागेर भी बैठे थे। बेलिंगहम के स्कोर बराबर करने से ठीक पहले नॉर्वे के गोल किक के दौरान गेंद हवा में लगे कैमरे के केबल से टकराती हुई दिखी और फिर इंग्लैंड के इलियोट एंडरसन के पैरों के पास गिरी।

इसके बाद गेंद बेलिंगहम के पास पहुंची, जिन्होंने एक लो शॉट मारकर गेंद को दूर वाले पोस्ट की तरफ भेजा और गोलकीपर ओर्जन नाइलैंड रोक नहीं सके। नियमों के अनुसार अगर गेंद के केबल से टकराने का पता चल जाता तो खेल रोक दिया जाता और गेंद पर नियंत्रण तय करने के लिए 'ड्रॉप बॉल' का इस्तेमाल किया जाता। फीफा ने बाद में कहा कि गेंद में लगे सेंसर ने संकेत दिया कि वह केबल से टकराई नहीं है । मैच शुरू होने से पहले दक्षिण अफ्रीका के 25 वर्ष के मिडफील्डर जेडेन एडम्स को श्रृद्धांजलि देने के लिये मौन रखा गया। एडम्स का शनिवार को निधन हो गया था।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in