FIFA World Cup 2026 : फ्रांस ने किया टीम का ऐलान

एमबाप्पे की अगुवाई में उतरेगी टीम
FIFA World Cup 2026 : फ्रांस ने किया टीम का ऐलान
HEATHER KHALIFA
Published on

पेरिस : फ्रांस ने अगले महीने से शुरू होने वाले फुटबॉल विश्व कप के लिए अपनी 26 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है जिसमें स्टार स्ट्राइकर काइलिन एमबाप्पे की अगुवाई में मजबूत आक्रमण पंक्ति चुनी गई है। फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने जो टीम घोषित की उसमें गोलकीपर रॉबिन रिसर भी शामिल हैं जिन्हें घरेलू लीग में अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम मिला है। लेंस के लिए खेलने वाले रिसर ने इस सप्ताह की शुरुआत में सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार जीता था। डेसचैम्प्स ने उन्हें माइक मैगनन और ब्राइस सांबा के बाद तीसरे गोलकीपर के रूप में चुना। फ्रांस अपने तीसरे विश्व कप खिताब की कवायद में है।

वह कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका में 11 जून से 19 जुलाई तक होने वाले विश्व कप में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में भाग लेगा। फ्रांस को ग्रुप आई में सेनेगल, इराक और नॉर्वे के साथ रखा गया है। फ्रांस की अग्रिम पंक्ति काफी मजबूत नजर आ रही है जिसमें एमबाप्पे के अलावा बैलोन डीओर विजेता ओस्मान डेम्बेले, उभरते सितारे डेसिरे डौए, माइकल ओलिसे, रेयान चेर्की और मैग्नेस अक्लिओचे आदि भी शामिल हैं। यह डेसचैम्प्स का आखिरी टूर्नामेंट होगा। उन्होंने इस साल घोषणा की थी कि वह विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे, जिससे 2012 में शुरू हुआ उनका सफल कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। उनके कोच रहते हुए फ्रांस ने 2018 में विश्व कप जीता और 2022 में फाइनल तक पहुंचा।

विश्व कप के लिए फ्रांस की टीम-

गोलकीपर : माइक मैगनन, ब्राइस सांबा, रॉबिन रिसर।

डिफेंडर: लुकास डिग्ने, मालो गुस्टो, लुकास हर्नांडेज, थियो हर्नांडेज, इब्राहिमा कोनाटे, जूल्स कौंडे, मैक्सेंस लैक्रोइक्स, विलियम सलीबा, डेयोट उपामेकानो।

मिडफील्डर : एनगोलो कांटे, मनु कोने, एड्रियन रबियोट, ऑरेलियन टचौमेनी, वॉरेन ज़ैरे-एमरी। 

फॉरवर्ड : मैग्नेस अक्लिओचे, ब्रैडली बारकोला, रेयान चेर्की, ओस्मान डेम्बेले, डेसिरे डौए, जीन-फिलिप माटेटा, किलियन एमबाप्पे, माइकल ओलिसे, मार्कस थुरम।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in