फेडरर ‘हॉल ऑफ फेम' में शामिल

इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होते ही भावुक हुए ‘स्विस मैस्ट्रो’ फेडरर, पत्नी मिर्का के जिक्र पर नहीं थमे आंसू
फेडरर ‘हॉल ऑफ फेम' में शामिल
Published on

अमेरिका : महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर को इंटरनेशनल टेनिस ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया। इस दौरान स्पीच देते हुए फेडरर भावुक हो गए। पत्नी मिर्का का जिक्र करते हुए तो उनके आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे। मिर्का के स्वागत-परिचय भाषण के बाद फेडरर को मंच पर बुलाया गया। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि उन्हें इस समय रूमाल और धूप के चश्मे की जरूरत है, लेकिन आंसुओं को रोकना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।

फेडरर ने मंच पर आते ही कहा, ‘यह बहुत ऊंचे स्तर का है और इसके बाद बोलना आसान नहीं होगा।’ इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में पत्नी मिर्का से कहा, ‘पता नहीं, आपने चुपके से इसकी तैयारी तो नहीं की थी?’ फेडरर ने इस दौरान अपने बचपन के आदर्श स्टीफन एडबर्ग और लंबे समय तक उनके कोच रहे सेवेरिन लुथी को याद किया।

‘स्विस मैस्ट्रो’ के नाम से मशहूर फेडरर ने अपने शानदार करियर में आठ विंबलडन, छह ऑस्ट्रेलियन ओपन और एक फ्रेंच ओपन खिताब जीता। वह लगातार 237 सप्ताह तक एटीपी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रहे। वह करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले केवल आठ पुरुष खिलाड़ियों में शामिल हैं।

उन्होंने 2004 से 2008 तक लगातार पांच यूएस ओपन खिताब जीते और 10 लगातार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे, जिनमें से आठ में उन्होंने जीत हासिल की। फेडरर ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल होने वाले 272वें सदस्य बने। उन्होंने कहा, ‘टेनिस के इतिहास में खुद को इस स्थान पर देखना मेरे लिए बेहद खास है। इस खेल की समृद्ध विरासत का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in