Kolkata
ईस्ट बंगाल

ISL डर्बी से पहले ईस्ट बंगाल ने घटाए टिकटों के दाम

छात्रों और समर्थकों की मांग को ध्यान में रखते हुए क्लब ने टिकटों के दाम घटाए हैं
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता,

कोलकाता :

ईस्ट बंगाल क्लब ने 29 नवंबर को मोहन बागान सुपर जायंट के खिलाफ होने वाले बहुप्रतीक्षित ISL डर्बी मुकाबले के टिकटों की कीमतें घटा दी हैं। छात्रों और समर्थकों की मांग को ध्यान में रखते हुए क्लब ने टिकटों के दाम घटाए हैं। इस मुकाबले का मेजबान ईस्ट बंगाल है। मैच शाम 7.30 बजे साल्टलेक स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले क्लब ने टिकटों की कीमत 300 से 2,000 रुपये के बीच निर्धारित की थी। क्लब ने बताया कि हाल के दिनों में कई छात्र-छात्राओं ने ई-मेल के जरिये टिकटों की कीमतें कम करने का अनुरोध किया था। इस पर क्लब अधिकारियों ने खेल मंत्री इंद्रनील खान के साथ चर्चा की और टिकटों की नई दरें तय कीं। अब टिकट 200, 300, 400, 500 और 550 रुपये में उपलब्ध होंगे। क्लब ने अपने सदस्यों के लिए विशेष छूट की घोषणा की है। ईस्ट बंगाल के सदस्य 300 रुपये मूल्य वाला टिकट अब केवल 150 रुपये में खरीद सकेंगे।क्लब प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन दर्शकों ने पहले से निर्धारित दरों पर टिकट खरीद लिए हैं, उन्हें अतिरिक्त भुगतान की गई राशि वापस कर दी जाएगी। ईस्ट बंगाल के अधिकारी देबब्रत सरकार ने छात्र-छात्राओं और समर्थकों से 29 नवंबर को बड़ी संख्या में साल्टलेक स्टेडियम पहुंचकर टीम का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। अंक तालिका में ईस्ट बंगाल चार मैचों में सात अंक के साथ सातवें स्थान पर है, जबकि मौजूदा आईएसएल चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट छह मैचों में 15 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर काबिज है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News