

बेंगलुरू : भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और साथी दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट चटकाए जिससे पूर्वी क्षेत्र ने रविवार को यहां दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन मध्य क्षेत्र को 266 रन पर ऑलआउट कर दिया। पूर्वी क्षेत्र के कप्तान ईशान किशन का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। मुकेश (56 रन देकर तीन विकेट) और सरकार (38 रन देकर तीन विकेट) ने मिलकर छह विकेट लिए जबकि मोहम्मद शमी ने 42 रन और ऑफ स्पिनर एमडी कौनैन कुरैशी ने 49 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।
मध्य क्षेत्र की पूरी टीम 80.1 ओवर में पवेलियन लौट गई। मध्य क्षेत्र के लिए रिंकू सिंह (88 गेंदों पर 60 रन) के अलावा सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर आर्यन जुयाल (46 रन) सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मध्य क्षेत्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 45वें ओवर तक टीम ने 125 रन पर अपनी आधी टीम गंवा दी थी। इसके बाद रिंकू सिंह और हर्ष दुबे (27 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की।
दोनों ने छठे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर मध्य क्षेत्र की पारी को कुछ मजबूती दी। लेकिन 60वें ओवर में कुरैशी ने हर्ष दुबे को पगबाधा आउट कर दिया जिसके बाद मध्य क्षेत्र की पारी लड़खड़ा गई। सारांश जैन (13 रन) और आर्यन पांडे (22 रन) ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके। निचले क्रम के बल्लेबाज यश ठाकुर (26 गेंद पर 30 रन) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मध्य क्षेत्र को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार टीम 300 रन के आंकड़े से पहले ही 266 रन पर सिमट गई।