दोहरी रजत पदक विजेता विदर्शा को सरकारी नौकरी
तिरुवनंतपुरम :
एशियाई खेलों में निशानेबाजी में दो रजत पदक जीतने वाली विदर्शा के विनोद को गुरुवार को केरलम सरकार की सेवा में नियुक्ति मिली। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने विदर्शा को राज्य खेल निदेशालय में सहायक निदेशक के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री द्वारा विदर्शा को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने की तस्वीरें साझा कीं।
सतीशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस अवसर का जिक्र करते हुए कहा कि उनके दिन की शुरुआत बेहद सुखद रही और उन्हें अपने कार्यालय में विदर्शा को नियुक्ति आदेश सौंपने का अवसर मिला।मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी शानदार उपलब्धियों से केरलम और देश का गौरव बढ़ाने वाली विदर्शा अब राज्य खेल निदेशालय में सहायक निदेशक के रूप में अपने जीवन का नया अध्याय शुरू कर रही हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके परिवार का साथ होना विशेष रूप से सुखद रहा जो उनकी प्रेरणादायक यात्रा का हिस्सा रहा है। राज्य के खेल मंत्री ओ जे जनीश भी इस अवसर पर मौजूद थे।’ विदर्शा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा और महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम स्पर्धा में रजत पदक जीते थे।

