CWG 2026 Day 3 : सचिन सिवाच प्री-क्वार्टर फाइनल में

राष्ट्रमंडल खेलों में कनाडाई प्रतिद्वंद्वी अल-अहमदीह पर 4-1 से जीत, प्री-क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के विलियम हेविट से होगा अगला मुकाबला
CWG 2026 Day 3 : सचिन सिवाच प्री-क्वार्टर फाइनल में
Ravi Choudhary
Published on

ग्लास्गो : भारत के प्रबल पदक दावेदारों में शामिल मुक्केबाज सचिन सिवाच ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में कनाडा के अपने परिचित प्रतिद्वंद्वी केओमा अल-अहमदीह की कड़ी चुनौती को पार करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भिवानी के 26 वर्षीय मुक्केबाज सचिन ने कनाडाई खिलाड़ी के खिलाफ अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने इसी साल स्पेन में आयोजित बॉक्सम टूर्नामेंट और पिछले वर्ष कजाकिस्तान में हुए विश्व कप में भी अल-अहमदीह को हराया था। सचिनने एसईसी सेंटर में खेले गए पुरुष वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में अल-अहमदीह पर 4-1 के विभाजित फैसले से जीत दर्ज की।

अब अंतिम-16 में सचिन का सामना इंग्लैंड के विलियम हेविट से होगा। जीत के बाद सचिन ने कहा, ‘यह मुकाबला काफी कठिन था, लेकिन मैं उसे पहले दो बार हरा चुका था, इसलिए मुझे खुद पूरा भरोसा था।’ उन्होंने कहा, ‘आज उसे हराना मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण था क्योंकि यह राष्ट्रमंडल खेलों का मुकाबला था।’ हालांकि पहले की जीत के बावजूद यह मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं रहा। सचिन ने धीमी शुरुआत की और उनका राइट हुक सही जगह नहीं लगा। इसका फायदा उठाते हुए अल-अहमदीह ने भारतीय मुक्केबाज के चेहरे पर सटीक मुक्का जड़ दिया।

कनाडाई मुक्केबाज अधिक आक्रामक और तेज दिखा जिससे सचिन को रक्षात्मक रुख अपनाना पड़ा। इसके बाद सचिन ने धीरे-धीरे लय हासिल की और सटीक मुक्के लगाकर मुकाबले पर नियंत्रण बनाना शुरू किया। पहले राउंड के अंतिम चरण में उनकी बेहतर सटीकता के कारण तीन जजों ने उन्हें 10-9 का स्कोर दिया। उन्होंने यह राउंड 3-2 से अपने नाम किया। अल-अहमदीह दूसरे राउंड में और अधिक आक्रामक होकर उतरे। उन्होंने दबाव बनाने की कोशिश की।

लेकिन सचिन ने संयम बनाए रखा और शानदार फुटवर्क की मदद से कनाडाई मुक्केबाज के हमलों से बचते हुए लगातार तेज हमलों से जवाब दिए। सचिन की रणनीतिक समझ और सटीक मुक्कों के चलते पांचों जजों ने दूसरे राउंड में उन्हें 10-9 का सर्वसम्मत फैसला दिया जिससे उन्होंने स्कोर में महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। अंतिम राउंड में अल-अहमदीह ने एक बार फिर जोरदार वापसी का प्रयास किया, लेकिन सचिन ने दबाव को बखूबी झेला और पर्याप्त अंक जुटाने वाले मुक्के लगाकर 4-1 के विभाजित फैसले से शानदार जीत दर्ज की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in