रविचंद्रन अश्विन
खेल
कमिंस ने उल्टा ख्वाजा पर आरोप मढ़ा, यह चौंकाने वाला था : अश्विन
ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र : फाइंडिंग माय वे इन क्रिकेट एंड लाइफ' में दावा किया
नयी दिल्ली :
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मंगलवार को कहा कि वह इस बात से थोड़ा हैरान हैं कि ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा के गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए सैंडपेपर (रेगमाल) का उपयोग करने के आरोपों का जवाब देने के बजाय उल्टा उनकी (ख्वाजा) ही ईमानदारी पर सवाल उठा दिया। ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र : फाइंडिंग माय वे इन क्रिकेट एंड लाइफ' में दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में 2018 में खेले गए टेस्ट मैच में गेंद से छेड़छाड़ करने की साजिश के बारे में पूरी टीम को पता था, जबकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में केवल तीन खिलाड़ी स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट दोषी पाए गए थे। कमिंस ने हाल में इन दावों को ‘पूरी तरह बकवास’ करार देते हुए खारिज कर दिया था और कहा कि उन्हें और अन्य गेंदबाजों को इस साजिश के बारे में पता नहीं था।अश्विन ने जियोस्टार से कहा, ‘उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में कुछ बातें कही हैं, वह उनके अपने विचार हैं और हमें उनका सम्मान करना चाहिए। लेकिन पैट कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो हुआ, उससे उन्होंने उस्मान ख्वाजा के दावे को ही गलत साबित नहीं किया, बल्कि उल्टा उन पर ही दोष मढ़ दिया। मेरे लिए यह समस्या वाली बात है। जब आप किसी बात को गलत साबित नहीं कर सकते, तो आप उस व्यक्ति को ही गलत साबित कर देते हैं। मैं उस्मान ख्वाजा को जानता हूं। मैंने उनके साथ काफी क्रिकेट खेली है। वह वास्तव में ईमानदार और स्पष्टवादी इंसान हैं।’अश्विन ने कहा, ‘मुझे सच में लगा था कि वह (कमिंस) कहेंगे कि ‘मुझे ठीक से पता नहीं था कि क्या हो रहा था। मैं नेतृत्व समूह का हिस्सा नहीं था।’ लेकिन मुझे हैरानी हुई कि पैट कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकर उल्टे उस व्यक्ति (ख्वाजा) को ही गलत ठहरा दिया।’मार्च 2018 में न्यूलैंड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान कैमरे ने बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की शक्ल बिगाड़ते हुए पकड़ दिया था। इसके बाद तत्कालीन कप्तान स्मिथ, उप-कप्तान वार्नर और बैनक्रॉफ्ट पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने प्रतिबंध लगा दिया था।अश्विन ने कहा, ‘पैट कमिंस का मैं एक क्रिकेटर के रूप में बहुत सम्मान करता हूं। वह ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैं लेकिन उन्होंने खुलकर कहा है कि ख्वाजा ने जो कहा है वह निराधार और बकवास है। डेविड वार्नर वही दोहरा रहे हैं जो उन्हें सही लगता है। इसलिए एक बात बिल्कुल स्पष्ट है कि इस मामले पर ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में मतभेद थे और मुझे नहीं लगता कि अब भी ये मतभेद खत्म हो गए हैं।’

