चंद्रबाबू नायडू ने द. अफ्रीका से वनडे सीरीज जीतने पर टीम इंडियो को दी बधाई

भारत ने एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में शानदार जीत के साथ 2-1 से सीरीज अपने नाम कर लिया है।
चंद्रबाबू नायडू
चंद्रबाबू नायडू
Published on: 

अमरावतीः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में शानदार जीत के साथ 2-1 से सीरीज अपने नाम करने के लिए भारतीय टीम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के कौशल, दृढ़ संकल्प और मिलकर काम करने की भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनके असाधारण प्रदर्शन से देश भर के क्रिकेट प्रेमियों को गर्व करने और खुश होने का मौका मिला है। नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शनिवार देर रात लिखा, ‘‘भारतीय क्रिकेट टीम को नौ विकेट से शानदार जीत और 2-1 से सीरीज जीतने पर हार्दिक बधाई! यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और विराट कोहली को उनके शानदार योगदान के लिए विशेष बधाई।’’

उन्होंने कहा कि विशाखापत्तनम में मैच यादगार रहा और शहर को इस ऐतिहासिक मुकाबले के आयोजन का गौरव मिला। कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद यशस्वी जायसवाल की नाबाद 116 रन की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने तीसरे और अंतिम वनडे में शनिवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 61 गेंद शेष रहते नौ विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली।

गौरतलब है कि वनडे सीरीज को 2-1 से जीत भारत ने टेस्ट सीरीज में हार का हिसाब बराबर कर लिया। कुलदीप (10 ओवर में 41 रन) और कृष्णा (9.5 ओवर में 66 रन) ने 4-4 विकेट लिए जिससे क्विंटन डिकॉक (106) की शतकीय पारी के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम 47.5 ओवर में 270 रन पर आउट हो गयी। भारत ने 39.5 ओवर में एक विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। दोनों टीमें अब 9 दिसंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज में भिड़ेंगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in