चहल ने कॉनली को इस सत्र की खोज बताया

कॉनली अभी 22 वर्ष के हैं। उन्होंने नाबाद 72 रन बनाकर पंजाब किंग्स को मंगलवार को यहां अपने पहले मैच में गुजरात टाइटन्स पर तीन विकेट से रोमांचक जीत दिलाई
 चहल ने कॉनली को इस सत्र की खोज बताया
Published on

मुल्लांपुर : पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने पदार्पण मैच में ही नाबाद अर्द्धशतक लगाने वाले कूपर कॉनली की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया का यह युवा बल्लेबाज इस सत्र की खोज होगा। कॉनली अभी 22 वर्ष के हैं। उन्होंने नाबाद 72 रन बनाकर पंजाब किंग्स को मंगलवार को यहां अपने पहले मैच में गुजरात टाइटन्स पर तीन विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। चहल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘वह अभी केवल 22 साल का है, लेकिन उसमें जीत की प्रबल इच्छा है। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए अपने पहले ही मैच में उसने जिस तरह का प्रदर्शन किया और मैच जिताने वाली पारी खेली, उससे पता चलता है कि वह मानसिक रूप से कितना परिपक्व है।’

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कॉनली ने दूसरे छोर पर विकेट गिरने के बावजूद एक छोर संभाले रखा अपने धैर्य का शानदार परिचय दिया। चहल ने कहा, ‘वह स्थिति को अच्छी तरह से समझता है। वह इस बात को जानता है कि उसे आखिर तक टिके रहकर मैच खत्म करना होगा। इससे उसकी परिपक्वता का पता चलता है। यह हमारी टीम के लिए एक अच्छा संकेत है।’ उन्होंने कहा, ‘वह जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा है मुझे लगता है कि वह इस सत्र की सबसे बड़ी खोज में से एक होगा।’ चहल ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा और गुजरात को छह विकेट पर 162 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।

चहल ने गेंदबाजी में अपनी रणनीति के बारे में कहा, ‘विकेट थोड़ा धीमा था, इसलिए हम अधिक गति से गेंद नहीं फेंकना चाहते थे। हमारी रणनीति यह थी कि अगर बल्लेबाज लंबे शॉट लगाते हैं, तो यह हमारे लिए अच्छा होगा।’ कॉनली के शानदार प्रदर्शन के बावजूद पंजाब किंग्स के अन्य प्रमुख बल्लेबाज प्रियांश आर्य (07), कप्तान श्रेयस अय्यर (18), नेहाल वढेरा (03), शशांक सिंह (04) और मार्कस स्टोइनिस (00) कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। चहल ने हालांकि इन चिंताओं को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘हर साल ऐसे एक-दो मैच होते हैं, और हम खुशकिस्मत हैं कि पहला मैच ऐसा ही था। इसलिए अभी चिंता की कोई बात नहीं है। पिछले साल से हम जिस तरह से खेल रहे हैं, उसी सकारात्मक ऊर्जा और जीत की ललक के साथ मैदान में उतरेंगे।’

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in