

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व टेनिस स्टार महेश भूपति और सानिया मिर्जा उन चार उत्कृष्ट खिलाड़ियों (SOM) में शामिल हैं जिन्हें अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) की संचालन संस्था के लिए चुना गया है।
भूपति ने सबसे ज्यादा 19 मत हासिल किये और उनके बाद सानिया को 18 मत मिले। आशुतोष सिंह को 17 जबकि शालिनी ठाकुर चावला को 16 मत मिले। इस तरह चार निर्वाचित उम्मीदवारों की सूची पूरी हुई।
मुकाबले में अन्य उम्मीदवार जानकी कृष्णमूर्ति (15), विशाल उप्पल (09), गौरव नाटेकर (08) और अंकिता भांबरी (07) थे। AITA के संशोधित संविधान के अनुसार संचालन संस्था के लिए चार प्रतिनिधियों को चुना जाएगा जिसमें दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल हों।
राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के तहत तैयार की गयी 40 सदस्यीय SOM सूची में 20 पुरुष और 20 महिला पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं। SOM प्रतिनिधित्व व्यापक खेल शासन सुधारों का हिस्सा है जिनका उद्देश्य राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रशासन में सफल खिलाड़ियों को बड़ी भूमिका देना है।