

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया का मानना है कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन इस बार FIFA वर्ल्ड कप में अब तक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं। अपनी टीम की जीत में उनका योगदान अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ्रांस के काइलियान एमबाप्पे से अधिक है। इंग्लैंड ग्रुप एल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद कांगो को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। केन ने इंग्लैंड के आठ में से पांच गोल किये हैं।
वह इस बार टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में मेसी और एमबाप्पे के बाद तीसरे स्थान पर हैं। भूटिया ने कहा, ‘मेरे हिसाब से हैरी केन सबसे प्रभावी रहे हैं। उन्होंने अपने दम पर इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाया और जरूरत के समय गोल किये। उन्हें कई बड़े और कठिन मैच खेलने पड़े जिनमें हैरी केन ने अच्छा प्रदर्शन किया।’ उन्होंने कहा, ‘एमबाप्पे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और मेसी ने भी। लेकिन जब पूरी टीम का दारोमदार एक खिलाड़ी द्वारा उठाने की बात है तो केन इसमें आगे हैं।’
भूटिया ने यह भी कहा कि केन टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ‘गोल्डन बॉल’ या सबसे ज्यादा गोल का ‘गोल्डन बूट’ पुरस्कार जीत सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘इस पर निर्भर करेगा कि टीम कहां तक जाती है। इंग्लैंड फाइनल खेलता है तो निश्चित तौर पर केन। मेसी को अभी तक कठिन मुकाबले नहीं मिले हैं। अब अंतिम 16 के आगे अर्जेंटीना को चुनौती मिलेगी ।’ भूटिया ने फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन और इंग्लैंड को अब तक शीर्ष चार टीमें बताया।
उन्होंने कहा, ‘अब तक जिन चार टीमों ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, उनमें फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना और इंग्लैंड हैं। फ्रांस सबसे आक्रामक फुटबॉल खेल रहा है। अगर एक टीम चुननी हो तो वह फ्रांस है।’ भूटिया ने यह भी कहा कि मेसी या क्रिस्टियानो रोनाल्डो सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘इस समय मेस्सी निश्चित तौर पर रोनाल्डो से बेहतर है। लेकिन मेसी, रोनाल्डो, माराडोना या पेले नहीं बल्कि ब्राजील के रोनाल्डो को मैं सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर कहूंगा।’