जायजा लेंगे BCCI सचिव

बुमराह, हार्दिक समेत कई सितारे चोटिल, खेल विज्ञान विभाग पर दबाव के बीच BCCI सचिव की COE यात्रा से चोट प्रबंधन और चयन समिति के मतभेदों पर भी उठेगा पर्दा
bcci
प्रतिकात्मक तस्वीर
Published on

नयी दिल्ली : भारतीय टीम को हाल के दिनों में एक के बाद एक चोटों की समस्या से जूझना पड़ रहा है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया रविवार को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (COE) में क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण से मुलाकात करेंगे और खिलाड़ियों के ‘रिहैबिलिटेशन’ तथा चोट से उबरने की प्रक्रिया का जायजा लेंगे। भारत को जसप्रीत बुमराह (घुटने में सूजन), बी साई सुदर्शन (बाएं पैर के अंगूठे में चोट), हर्षित राणा (मांसपेशियों में खिंचाव), नीतिश कुमार रेड्डी (मांसपेशियों में खिंचाव) और वॉशिंगटन सुंदर (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) की अलग-अलग चोटों के कारण उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी। आकाश दीप (स्ट्रेस फ्रैक्चर) सबसे लंबे समय से टीम से बाहर हैं। बंगाल की रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में हार के बाद से ही वह टीम से बाहर हैं।

इसके अलावा सफेद गेंद के विशेषज्ञ हार्दिक पांड्या (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव), वरुण चक्रवर्ती (मांसपेशियों में खिंचाव) और प्रिंस यादव (मांसपेशियों में खिंचाव) भी COE में हैं जहां खेल विज्ञान टीम पर काम का काफी दबाव है और 2025 की शुरुआत में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से इस विभाग का कोई प्रमुख नहीं है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती इन सभी खिलाड़ियों को जल्द से जल्द पूरी तरह फिट करके मैदान पर वापस लाना है। सुदर्शन और बुमराह को फिटनेस के अधीन टीम में शामिल किया गया था, लेकिन COE के विशेषज्ञों की टीम ने व्यापक स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने का फैसला किया।

BCCI के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘हां, सचिव सैकिया स्थिति का जायजा लेने के लिए वीवीएस लक्ष्मण के साथ बेंगलुरू में होंगे। दोनों के बीच एक बैठक तय है। यह अभी पता नहीं है कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर या चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ऑनलाइन इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं। इतने सारे कयासों के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सैकिया और लक्ष्मण मीडिया के कुछ सवालों का सामना कर उनके जवाब दे पाते हैं।’ ऐसी भी खबरें हैं कि COE और मौजूदा चयन समिति खिलाड़ियों की चोट के प्रबंधन और उनकी वापसी की समयसीमा को लेकर हमेशा एकमत नहीं रहे हैं। कुछ खिलाड़ियों को सभी फिटनेस मानकों पर पूरी तरह खरा उतरने से पहले ही ‘रिलीज’ किए जाने की बात भी सामने आई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in