बार्सिलोना ने कोपा डेल रे कप जीता

रियाल मैड्रिड को हराया
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सेविले : जूल्स कौंडे के अतिरिक्त समय में किए गए गोल की मदद से बार्सिलोना ने कोपा डेल रे फुटबॉल टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी रियाल मैड्रिड को 3-2 से हराकर इस सत्र में तिहरा खिताब जीतने की तरफ कदम बढ़ाए। राइट बैक कौंडे ने लुका मोड्रिक के पास पर 116वें मिनट में यह गोल किया जिससे बार्सिलोना रिकॉर्ड 32वां कोपा डेल रे खिताब जीतने में सफल रहा।

बार्सिलोना इसके अलावा चैंपियंस लीग और स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा का खिताब जीतने की दौड़ में भी बना हुआ है। बार्सिलोना चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल के पहले चरण में बुधवार को इंटर मिलान का सामना करेगा। वह ला लिगा में भी रियाल मैड्रिड से चार अंक आगे शीर्ष पर काबिज है। पेड्रि गोंजालेज ने ला कार्टुजा स्टेडियम में 28वें मिनट में बार्सिलोना को बढ़त दिलाई।

रियाल मैड्रिड ने दूसरे हाफ में दो गोल करके बढ़त हासिल की। किलियन एमबापे ने 70वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद खेल के 77वें मिनट में मिडफील्डर ऑरेलियन टचौमेनी के हेडर से गोल करके स्कोर 2-1 से रियाल मैड्रिड के पक्ष में कर दिया।

बार्सिलोना की तरफ से फेरान टोरेस ने 84वें मिनट में बराबरी का गोल करके मैच को अतिरिक्त समय तक खींच दिया। बार्सिलोना ने इस सत्र में रियाल मैड्रिड के खिलाफ जो तीन मैच खेले हैं उन सभी में उसे जीत मिली। उसने पिछले साल अक्टूबर में ला लिगा के मैच में रियाल मैड्रिड को 4-0 से हराया था। इसके बाद उसने जनवरी में स्पेनिश सुपर कप फाइनल में 5-2 से जीत हासिल की थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News