Melbourne
गेंद से छेड़छाड़ मामला फिर सुर्खियों में

गेंद से छेड़छाड़ मामला : वार्नर ने खुली जांच की मांग की

'सैंडपेपरगेट’ मामले में शामिल होने के कारण एक साल के निलंबन की मिली थी सजा
Published on: 

मेलबर्न :

8 साल से ऑस्ट्रेलिया का पीछा नहीं छोड़ रहा गेंद से छेड़छाड़ मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 2018 के गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में सार्वजनिक जांच की मांग करते हुए कहा कि केपटाउन टेस्ट में शामिल लोगों को आगे आकर यह खुलासा करना चाहिए कि पर्दे के पीछे क्या हुआ था। ‘सैंडपेपरगेट’ के नाम से मशहूर इस मामले में शामिल होने के कारण एक साल के निलंबन की सजा पाने वाले वार्नर ने कहा कि वह चाहते हैं कि ‘मैं एक खुली सार्वजनिक जांच चाहता था। उस समय वहां मौजूद लोग सामने आकर अपनी बात कह सकते हैं। क्योंकि हमें यह नहीं पता कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और उसके पूर्व स्टाफ के साथ पर्दे के पीछे क्या बातचीत हुई थी। मुझे लगता है कि हम सभी के लिए यह जानना भी बहुत महत्वपूर्ण है।’ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि गेंद से छेड़छाड़ करने की साजिश का ड्रेसिंग रूम में मौजूद सभी लोगों को जानकारी थी जिसका वार्नर ने समर्थन किया है।

स्वतंत्र फोरम बनाने की घोषणा

वार्नर ने यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में की जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग और बोर्ड सदस्य डेविड बून ने खिलाड़ियों और कर्मचारियों के लिए गेंद से छेड़छाड़ के कांड पर अपने अनुभव और दृष्टिकोण साझा करने के लिए एक स्वतंत्र फोरम (मंच) बनाने की घोषणा की। ग्रीनबर्ग और बून ने कहा कि जिन लोगों का पहले साक्षात्कार नहीं लिया गया या जिन्हें पहले बोलने का अवसर नहीं दिया गया, उनके लिए इस फोरम में भाग लेना स्वैच्छिक होगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि मूल घटनाओं की जांच पूरी हो चुकी है। ग्रीनबर्ग ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एक विज्ञप्ति में कहा, ‘हम सैंडपेपरगेट कांड से जुड़े घटनाक्रमों से मिली पीड़ा और दुख को समझते हैं। सच कहें तो, इससे इस समय खेल को नुकसान पहुंच रहा है। हमें इससे उबरने का रास्ता खोजना होगा और चीजों को ठीक करना होगा। इसलिए हम एक स्वतंत्र मंच (फोरम) बनाएंगे ताकि सभी इच्छुक लोग अपना पक्ष रख सकें। यह एक स्वतंत्र, सुरक्षित और निजी माहौल में सभी को अपनी बात कहने का मौका है। यह कोई दोबारा जांच नहीं है और न ही इसका मकसद किसी पर फिर से मुकदमा चलाना या कोई सजा देना है।’ग्रीनबर्ग ने कहा, ‘कई खिलाड़ी दशकों से ड्रेसिंग रूम साझा करते रहे हैं और उनके बीच अच्छी मित्रता रही है लेकिन अब उनमें काफी तनाव है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसके लिए कोई रास्ता निकालें। इस मुश्किल दौर से बाहर निकलने की कोशिश करें। खेल हम सभी से बड़ा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड ने गहन विचार विमर्श के बाद ऐसा फोरम तैयार करने का फैसला किया है जिसमें 2018 में दक्षिण अफ्रीका में खेली गई शृंखला में शामिल खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों को अपने अनुभव और दृष्टिकोण साझा करने का मौका मिलेगा। हमारा मानना है कि यह खेल के सर्वोत्तम हित में है।’
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News