बहादुर सिंह सागू भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बने, अंजू बॉबी जॉर्ज वरिष्ठ उपाध्यक्ष

बहादुर सिंह सागू भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बने, अंजू बॉबी जॉर्ज वरिष्ठ उपाध्यक्ष
Published on

चंडीगढ़ : एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता और गोला फेंक के पूर्व खिलाड़ी बहादुर सिंह सागू को मंगलवार को यहां वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वह लंबे समय से शीर्ष पद पर कार्यरत आदिल सुमरिवाला की जगह लेंगे। बुसान एशियाई खेल 2002 में गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने तथा 2000 और 2004 के ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले 51 वर्षीय सागू को 4 साल (2025 से 2029) के लिए इस पद पर चुना गया है। वह एएफआई एथलीट आयोग के सदस्य भी हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजू बॉबी जॉर्ज के निजी कारणों से अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर हो जाने के बाद सागू मैदान में एकमात्र उम्मीदवार बचे थे। अंजू को भी दूसरे कार्यकाल के लिए वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। जालंधर के रहने वाले सागू पंजाब पुलिस में कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
एएफआई की दो दिवसीय वार्षिक आम बैठक में उनके चुनाव को औपचारिक रूप दिया गया। सागू ने एशियाई खेल 2002 में पुरुषों के गोला फेंक में 19.03 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20.40 मीटर है। उन्हें पद्म श्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। वह सीनियर चयन समिति के भी सदस्य हैं।
एएफआई के नए पदाधिकारी:
अध्यक्ष: बहादुर सिंह सागू
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: अंजू बॉबी जॉर्ज
उपाध्यक्ष: अबू मेथा, जयंत मल्ला बरुआ, एके शर्मा
सचिव: संदीप मेहता
कोषाध्यक्ष: स्टेनली जोन्स
वरिष्ठ संयुक्त सचिव: एस श्रीनिबास पटनायक
संयुक्त सचिव: शरत चंद्र सिंह, ज्योतिर्मयी सिकदर, फिनले एल पारियाट
कार्यकारी परिषद के सदस्य: सुधा सिंह, हरजिंदर सिंह गिल, शारदा देवी जादम, प्रियंका भनोट, रचिता मिस्त्री, ए राजवेलु, के सारंगपानी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in