Asian Games : भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को हराया

जापान की तरफ से एकमात्र गोल शिहो कोबायाकावा ने 46वें मिनट में किया। भारत रविवार को सिंगापुर के खिलाफ पूल बी में अपना आखिरी मैच खेलेगा।
Asian Games : भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को हराया
Published on: 

जापान : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां मेजबान जापान को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और इस तरह से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत की तरफ से लालरेम्सियामी (5वें मिनट), इशिका चौधरी (30वें मिनट) और नवनीत कौर (36वें मिनट) ने गोल किए। जापान की तरफ से एकमात्र गोल शिहो कोबायाकावा ने 46वें मिनट में किया। भारत रविवार को सिंगापुर के खिलाफ पूल बी में अपना आखिरी मैच खेलेगा। भारतीय टीम ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। उसने उज्बेकिस्तान पर 19-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

इसके बाद उसने इंडोनेशिया को 17-1 से और फिर थाईलैंड को 20-1 से हराया। जापान के खिलाफ भारतीय टीम ने लालरेम्सियामी के फील्ड गोल की बदौलत पांचवें मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए लेकिन जापान की रक्षापंक्ति ने भी अच्छा खेल दिखाया। जापान को भी मौके मिले थे लेकिन वह भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में असफल रहा। हालांकि, भारत पेनल्टी कॉर्नर को लेकर थोड़ा लापरवाह रहा। उसने पहले हाफ में मिले पांच पेनल्टी कॉर्नर में से केवल एक का ही फायदा उठाया।

उस पर भी उसने रिबाउंड से गोल किया। पहले हाफ के आखिरी दो मिनट में भारत ने तेजी से तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें से आखिरी पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर के शुरुआती शॉट को जापानी गोलकीपर ने बचा दिया लेकिन रिबाउंड पर इशिका ने गोल कर दिया। दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपनी लय को बरकरार रखा और तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में नवनीत के गोल से अपनी बढ़त को मजबूत कर दिया।

नवनीत ने शानदार स्टिकवर्क का इस्तेमाल करते हुए बेहतरीन शॉट लगाकर गोल किया। जापानी टीम को भारतीय हाफ में प्रवेश करने में काफी संघर्ष करना पड़ा और जब वे ऐसा करने में कामयाब भी हुए, तो भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में असफल रहे। जापान ने हालांकि चौथे क्वार्टर में अच्छा प्रदर्शन किया।

इस क्वार्टर के शुरू होने के तुरंत बाद ही कोबायाकावा ने सर्कल के शीर्ष से एक शानदार शॉट लगाकर गोल किया, जिसे अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता रोकने में नाकाम रहीं। भारत को 50वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसने इस मौके को गंवा दिया। जापान को भी अंतिम हूटर बजने से चार मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत उसे बचाने में सफल रहा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in