इस महीने भारत आयेंगे मेसी

अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम अक्टूबर में भारतीय दौरे पर
 इस महीने भारत आयेंगे मेसी
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत में फुटबॉल प्रशंसकों को अक्टूबर में केरल में एक प्रदर्शनी मैच में लियोनेल मेसी और उनकी अर्जेंटीना टीम की एक और झलक देखने को मिलेगी। विश्व कप विजेता कप्तान मेसी का यह 14 साल बाद भारत का दूसरा दौरा होगा। केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमन ने पिछले साल नवंबर में अर्जेंटीना की टीम का केरल का दौरा करने और कोच्चि में दो दोस्ताना मैच खेलने की घोषणा की थी। एचएसबीसी इंडिया बुधवार को भारत में फुटबॉल के सहयोग और प्रचार के लिए अर्जेंटीना की टीम का आधिकारिक साझेदार बन गया।

उसने घोषणा की कि मैच अक्टूबर में आयोजित किए जाएंगे। एचएसबीसी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘इस साझेदारी के तहत दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी सहित अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम अक्टूबर 2025 में एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी मैच खेलने के लिए भारत का दौरा करेगी।’ विज्ञप्ति के अनुसार, ‘अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) और एचएसबीसी ने आज भारत और सिंगापुर के लिए एक साल की नई साझेदारी की है, जो 2026 विश्व कप क्वालीफिकेशन के अंतिम चरण के मैचों से पहले 2025 में प्रतिस्पर्धी सत्र को कवर करेगी।’

मेसी इससे पहले सितंबर 2011 में कोलकाता में वेनेजुएला के खिलाफ विश्व कप क्वालीफाइंग राउंड मैच खेलने के लिए भारत आए थे। अर्जेंटीना ने साल्ट लेक स्टेडियम में खेला गया वह मैच 1-0 से जीता था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News