'AIFF को भारत-ब्राजील मैच के लिए पूर्ण समर्थन का आश्वासन'

पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-ब्राजील फुटबॉल मुकाबले के सुचारू आयोजन, सुरक्षा और फीफा प्रोटोकॉल के पालन के लिए एआईएफएफ को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

नयी दिल्ली : अखिल भारतीय फुटबाॅल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भारत और पांच बार के विश्व कप चैंपियन ब्राजील के बीच तीन अक्टूबर को यहां होने वाले मैच के लिए सरकार की तरफ से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है। पिछले साल दिसंबर में लियोनेल मेसी की कोलकाता यात्रा के दौरान स्थिति काफी बिगड़ गई थी और इस लिहाज से राज्य सरकार का समर्थन काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।

FIFA विश्व रैंकिंग में ब्राजील वर्तमान में पांचवें, जबकि भारत 138वें स्थान पर है। भारत ने कभी भी FIFA रैंकिंग में शीर्ष पांच में शामिल किसी भी देश की मेजबानी नहीं की है। चौबे ने कहा, ‘कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात मुख्यमंत्री से हुई थी। मैंने उन्हें इस स्तर के मैच की मेजबानी के लिए मानक प्रक्रियाओं और जरूरतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल सरकार इस मैच के सफल और सुचारू रूप से आयोजन तथा फीफा प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालन में सहायता और सहयोग करेगी।’

जब चौबे से पूछा गया कि मेसी के दौरे के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में जिस तरह की अराजकता देखने को मिली क्या उसे देखते हुए AIFF चिंतित है। उन्होंने कहा, ‘वह कोई फुटबॉल मैच नहीं था बल्कि एक खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचा था। निश्चित रूप से वह दुनिया के महानतम फुटबॉलर हैं। लेकिन फुटबॉल मैच अलग होता है और इसे FIFA और AFC के मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत आयोजित किया जाएगा। ईश्वर की कृपा से मैच सफल रहेगा।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in