खेल
अभिषेक ने गर्दा उड़ा दिया
न्यूजीलैंड को 40 गेंद शेष रहते 6 विकेट से हराकर 5 मैचों की शृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली
वेलिंगटन : अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और भारत ने मंगलवार को तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 40 गेंद शेष रहते 6 विकेट से हराकर 5 मैचों की शृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। दुनिया के शीर्ष रैंकिंग वाले टी-20 बल्लेबाज अभिषेक ने महज 38 गेंदों पर 113 रन की अविश्वसनीय पारी खेली। उन्होंने केवल 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर न्यूजीलैंड की गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। भारत ने 199 रन के मुश्किल दिख रहे लक्ष्य को महज 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत ने इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की धरती पर लगातार तीसरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला जीतने की उपलब्धि हासिल की। इससे पहले भारतीय टीम ने 2020 में 5-0 और 2022 में 1-0 से शृंखला अपने नाम की थी।
सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी भी
फीकी
अभिषेक की विस्फोटक पारी के सामने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (19 गेंद में 45 रन) की शानदार बल्लेबाजी भी कई मौकों पर फीकी नजर आई। अभिषेक ने 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक लगाने के बाद उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में ध्यान मुद्रा बनाकर जश्न मनाया। महज 15 साल के सूर्यवंशी ने भी आक्रामक पारी खेली। दोनों ने मिलकर भारतीय टीम को 5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया और पावरप्ले के 6 ओवर में रिकॉर्ड 118 रन बनाए। भारत ने इसके साथ ही 5 ओवर में सबसे तेज टीम शतक और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पावरप्ले के दौरान सर्वोच्च स्कोर का विश्व रिकॉर्ड बनाया।
पहले ओवर में ही 26 रन
अभिषेक और सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए महज 7 ओवर में 133 रन जोड़ दिए। वेलिंगटन के वेस्टपैक ट्रस्ट स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के लिए यह साझेदारी लंबे समय तक यादगार रहेगी। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 12 छक्के लगाए। सूर्यवंशी ने 4 तो वहीं अभिषेक ने 8 छक्के जड़े। जब ग्लेन फिलिप्स ने अभिषेक का कैच लपका, तब तक भारतीय बल्लेबाज 11 छक्के और 9 चौके लगा चुका था। अभिषेक के विकेट के बाद न्यूजीलैंड की टीम का मनोबल इस कदर टूट चुका था कि उसके खिलाड़ी विकेट मिलने का जश्न मनाने के लिए भी उत्साहित नजर नहीं आए। भारतीय पारी की शुरुआत जैकब डफी के ओवर में 26 रन के साथ हुई। एडम मिल्ने ने दूसरे ओवर में 17 रन दिए। इसके बाद माइकल ब्रेसवेल और काइल जैमीसन ने क्रमशः 21 और 20 रन लुटाए। चार ओवर के भीतर ही न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के चेहरे पर बेबसी साफ दिखाई देने लगी थी।न्यूजीलैंड की पारी के दौरान गेंद जिस पिच पर रुककर आ रही थी, वही भारतीय बल्लेबाजों के सामने बेहद सपाट नजर आई। अभिषेक और सूर्यवंशी ने गेंद की लाइन से हटकर ऑफ साइड में जगह बनाई या फिर गेंद की दिशा के अनुरूप लेग साइड में जोरदार प्रहार किए। अभिषेक के शॉट में इतनी ताकत और धार थी कि सूर्यवंशी की चमक कुछ कम हो गयी। इस किशोर बल्लेबाज ने भी हालांकि कई बेहतरीन शॉट खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
न्यूजीलैंड ने भी लगाया था जोर
इससे पहले डेरिल मिचेल की आक्रामक बल्लेबाजी के बूते न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 198 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। खराब फॉर्म से उबरते हुए मिचेल ने महज 52 गेंदों पर नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्कों के अलावा और इतने ही चौके लगाये। भारतीय गेंदबाज भले ही विकेट लेने के मामले में बहुत प्रभावशाली नहीं रहे, लेकिन उन्होंने अंतिम पांच ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल 52 रन खर्च किए। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट) ने टिम सीफर्ट को जल्द ही आउट कर दूसरे ओवर में ही भारत को सफलता दिलाई। इसके बाद फिन एलन और मिचेल ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए दूसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड की पारी को मजबूती दी। एलन ने 25 गेंदों पर 40 रन बनाए। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के शुरुआती ओवर में दो छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 40 रन दिए और उन्हें पूरे मुकाबले में सही लेंथ हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। भुवनेश्वर के लिए पारी का 18वां ओवर हालांकि बेहतर रहा। इस ओवर में उन्होंने लगातार यॉर्कर लेंथ पर गेंदबाजी की, जिससे आगामी मुकाबलों के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ सकता है। एलन ने पहले भुवनेश्वर की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छह रन के लिए भेजा और फिर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा। इसके बाद उन्होंने प्रिंस यादव की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से छह रन के लिए पहुंचाया। मिचेल ने भी अपनी लय हासिल करते हुए कुछ आकर्षक चौके लगाए। उन्होंने प्रिंस की गेंद पर कमाल का रैंप शॉट खेला। एलन की आक्रामक पारी पर नितीश कुमार रेड्डी ने विराम लगाया। चार ओवर में 38 रन देकर एक विकेट लेने वाले रेड्डी की गेंद पर एलन लॉन्ग ऑन के बाहर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में नमन धीर को कैच दे बैठे। अक्षर पटेल ने फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स (17) को आउट कर न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लेने वाले अक्षर ने अपनी ही गेंद पर बेहतरीन कैच पकड़ा। मिचेल को इसके बाद बेवन जैकब्स का अच्छा साथ मिला। जैकब्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। दोनों ने आठ ओवर में चौथे विकेट के लिए 75 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

