

एशियन पैरा गेम्स में बुधवार को पुरुष एकल एसएल4 बैडमिंटन स्पर्धा में भारत के तीन पदक पक्के हो गए। गत चैंपियन सुहास एलवाई समेत भारत के तीन खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
दुनिया के मौजूदा नंबर एक खिलाड़ी और आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई ने दक्षिण कोरिया के चो नादान को 21-12, 21-16 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान से होगा। सेतियावान ने क्वार्टर फाइनल में भारत के सुकांत कदम को 21-17, 18-21, 21-15 से शिकस्त दी।
दूसरे सेमीफाइनल में भारत के नवीन शिवकुमार और अभिजीत सखूजा आमने-सामने होंगे। नवीन ने दक्षिण कोरिया के शिन क्युंग ह्वान को 21-14, 21-4 से आसानी से हराया। वहीं, अभिजीत ने भारतीय खिलाड़ी सूर्या कांत यादव को 21-16, 21-12 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
एसएल4 वर्ग में ऐसे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं, जिनके निचले अंगों में दिव्यांगता होती है, लेकिन उनकी चलने और दौड़ने की क्षमता एसएल3 वर्ग के खिलाड़ियों की तुलना में बेहतर होती है।