

सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा के दौरान घर बंद कर बाहर घूमने जाने वालों को अब सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा या घर खाली होने की जानकारी साझा करने से बचना होगा। पुलिस का कहना है कि ऐसी पोस्ट से चोरों को बंद मकान की जानकारी मिल सकती है। बुधवार को सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित होटल टूरिस्ट इन में आयोजित दुर्गापूजा समन्वय बैठक में पूजा समितियों और संबंधित विभागों के साथ सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन और विसर्जन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त सैयद वकार रजा ने की।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एसीपी, इंस्पेक्टर, आईसी और ओसी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बीएसएफ और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों, पश्चिम बंगाल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL), पश्चिम बंगाल फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (WBPCB), सिलीगुड़ी नगर निगम, एसजेडीए, उत्तर बंगाल विकास विभाग, पर्यटन विभाग, सिलीगुड़ी जोनल कार्यालय सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पूजा और प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, सुचारू और बिना किसी परेशानी के संपन्न कराने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।बैठक में पूजा समितियों को प्रत्येक मंडप में सीसीटीवी कैमरे और रात में सुरक्षा के लिए नाइट गार्ड रखने का निर्देश दिया गया। रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाने की बात कही गई। महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गावाहिनी और विनर्स टीम को सक्रिय रखने की तैयारी है।पूजा पंडालों की ऊंचाई 40 फीट से अधिक नहीं रखने और प्रवेश द्वार की चौड़ाई कम से कम 12 फीट रखने को कहा गया है। प्रत्येक पूजा स्थल पर अग्निशमन सुरक्षा की व्यवस्था अनिवार्य होगी। पंडाल निर्माण में थर्मोकोल के इस्तेमाल पर रोक रहेगी और पर्यावरण के अनुकूल जैव-अवक्रमणीय सामग्री के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा।विसर्जन के दौरान क्रेन के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। शहर और आसपास के इलाकों में करीब एक हजार पूजा आयोजित होने की संभावना के बीच पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में चिकन नेक क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए बीएसएफ और एसएसबी के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई कि पूजा के दौरान यदि वे परिवार के साथ बाहर जा रहे हैं तो घर की स्थिति, यात्रा की तारीख या लंबे समय तक घर से बाहर रहने की जानकारी सार्वजनिक सोशल मीडिया पोस्ट में साझा न करें। पुलिस और प्रशासन ने पूजा समितियों से लेकर आम लोगों तक सभी से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।